झाड़-फूंक के बहाने 2 सगी बहनों से दुष्कर्म, तीसरी से रेप की कोशिश; फर्जी तांत्रिक गिरफ्तार
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर वर्षों तक तीन बहनों का शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने खुद को तांत्रिक बताने वाले आरोपी महफूज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि वह चार से पांच वर्षों से परिवार के संपर्क में था और अंधविश्वास का फायदा उठाकर दो सगी बहनों से दुष्कर्म करता रहा, जबकि तीसरी बहन से दुष्कर्म का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को पीड़िता ने फूलपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि महफूज, निवासी गहनी खुर्द, लंबे समय से उनके घर आता-जाता था और स्वयं को तांत्रिक बताकर झाड़-फूंक करता था। घटना वाले दिन उसने मंत्र-जाप और तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया का बहाना बनाकर पीड़िता के माता-पिता को घर के बाहर बैठा दिया। इसके बाद कमरे के अंदर झाड़-फूंक के दौरान उसने पीड़िता से दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
घटना के बाद पीड़िता की दो सगी बहनों ने भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी ने तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर उन्हें डराकर और जान से मारने की धमकी देकर कई वर्षों तक उनका यौन शोषण किया। आरोपी कथित रूप से कहता था कि यदि किसी को घटना की जानकारी दी गई तो वह तांत्रिक विद्या से उनकी जान ले लेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलपुर पुलिस ने बुधवार रात करीब 11:26 बजे आरोपी महफूज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पीड़िताओं के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस घटना ने अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर होने वाले अपराधों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
