वाराणसी में रैपिडो चालक पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप, क्राइम इंस्पेक्टर की बेटी को गलत रास्ते पर ले गया; गिरफ्तार
वाराणसी। वाराणसी कमिश्नरेट के एक थाने में तैनात क्राइम इंस्पेक्टर की बेटी के साथ रैपिडो चालक द्वारा कथित रूप से गलत रास्ते पर ले जाने और छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना के दौरान अश्लील टिप्पणी करने वाले उसके साथी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, युवती ने कैंट रेलवे स्टेशन से लंका जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। आरोप है कि चालक निर्धारित मार्ग के बजाय उसे गलत लोकेशन की ओर ले जाने लगा। इससे युवती घबरा गई और उसने तत्काल अपने पिता, जो कमिश्नरेट में क्राइम इंस्पेक्टर हैं, को फोन कर पूरी जानकारी दी।
इंस्पेक्टर ने बेटी से लाइव लोकेशन साझा करने को कहा, लेकिन लोकेशन भी संदिग्ध स्थान की मिली। इसके बाद उन्होंने रैपिडो चालक को रविदास गेट, लंका के पास आने के लिए कहा। जैसे ही बाइक रविदास चौराहे पर पहुंची, इंस्पेक्टर वहां मौजूद मिले और चालक से पूछताछ करने लगे।
इसी दौरान आरोपी चालक का एक साथी मौके पर वीडियो बनाने लगा। पुलिस ने तत्काल चालक को हिरासत में लेकर लंका थाने पहुंचाया।
क्राइम इंस्पेक्टर की शिकायत के अनुसार, आरोपी राहुल यादव निवासी नगवा, हलधरपुर, जनपद मऊ, युवती को गलत रास्ते पर ले जा रहा था। साथ ही बाइक के पीछे चल रहे उसके साथी ने युवती पर अश्लील टिप्पणियां कीं।
लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी राहुल यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, अश्लील टिप्पणी करने वाले दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
