Movie prime

27 नवंबर से Banaras Biennale, BHU में दिखेंगी दुर्लभ प्रतिमाएं और Modern Art
 

 
 27 नवंबर से Banaras Biennale, BHU में दिखेंगी दुर्लभ प्रतिमाएं और Modern Art
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। बीएचयू के भारत कला भवन में दुर्लभ प्रतिमाओं और प्राचीन पुरावशेषों की प्रदर्शनी के साथ 27 नवंबर से पहले सीआईआई बनारस बिएनाले की शुरुआत होगी। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के इस आयोजन में बनारसी बुनकरी, शास्त्रीय संगीत, शिल्प और समकालीन कला को एक साथ देखने का मौका मिलेगा। पांच दिवसीय प्रीव्यू 1 दिसंबर तक चलेगा। इसके बाद 2 से 31 दिसंबर तक प्रदर्शनियां आम दर्शकों के लिए खुली रहेंगी। 

भारत कला भवन में पुरावशेषों के साथ दिखेगी समकालीन कला

सिगरा स्थित एक होटल में गुरुवार को हुई प्रेसवार्ता में सीआईआई वाराणसी जोन के चेयरमैन उमंग शाह ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य काशी की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने के साथ स्थानीय कारीगरों के लिए नए अवसर तैयार करना है। आयोजन से जुड़े अजय पेशवानी ने कहा कि बिएनाले में बनारस की विरासत के साथ उसके विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।

बिएनाले की थीम ‘काशी/लाइट — सिटी ऐज़ सेंसेरियम’ है। प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कला, वास्तुकला, संगीत, वस्त्र और रोजमर्रा की परंपराओं के जरिए शहर के अलग-अलग रूप सामने आएंगे। भारत कला भवन के संग्रह से चुनी गई ऐतिहासिक कृतियों के साथ समकालीन कलाकारों की रचनाएं भी प्रदर्शित होंगी। दृश्य कला की जिम्मेदारी गायत्री सिन्हा संभाल रही हैं। प्रमोद कुमार केजी वस्त्र और शिल्प की प्रदर्शनियों से जुड़े हैं, जबकि अंजन चक्रवर्ती ज्ञान प्रवाह की ओर से क्यूरेटोरियल टीम में शामिल हैं। 

चेत सिंह किले में संगीत और नृत्य, बीएचयू में फिल्म महोत्सव

चेत सिंह किले में उद्घाटन की शाम पंडित राहुल शर्मा के संतूर के साथ पंडित राम कुमार मिश्र तबले पर संगत करेंगे। रमा वैद्यनाथन और राजेंद्र गंगानी भरतनाट्यम और कथक की जुगलबंदी पेश करेंगे। नमो घाट के संगीत कार्यक्रमों में देवव्रत मिश्र और ट्रियो बनारस की प्रस्तुति भी शामिल है। प्रीव्यू के दौरान नमो घाट पर हस्तशिल्प हाट और खानपान उत्सव भी लगेगा। 

बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में 28 से 30 नवंबर तक सीआईआई बनारस फिल्म फेस्टिवल होगा। फिल्मकार गौतम घोष के चयन की चार फिल्मों की स्क्रीनिंग 28 और 29 नवंबर को होगी। 30 नवंबर को वे दर्शकों से संवाद करेंगे। बीएचयू के अलावा ज्ञान प्रवाह, नागरी प्रचारिणी सभा और पेशवा हवेली में भी बिएनाले के कार्यक्रम होंगे। 

बुनकरों की सेहत और कारीगरों के कौशल पर भी जोर

आयोजन के बाद भी बुनकरों और कारीगरों के लिए काम जारी रखने की योजना है। ‘वाराणसी हेल्दी वीवर्स इनिशिएटिव’ के तहत रामनगर, लोहता और बड़ी बाजार के बुनकर परिवारों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर करने पर जोर रहेगा। वहीं, ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में प्रस्तावित ‘सीआईआई आर्टिसन डिजाइन एंड डेवलपमेंट सेंटर’ के जरिए कारीगरों को डिजाइन और कौशल विकास के अवसर देने का लक्ष्य है। आयोजन से स्थानीय संस्थानों, कलाकारों और नागरिकों को जोड़ने के लिए वाराणसी में स्वागत समिति भी बनाई गई है। 

आम दर्शक 2 दिसंबर से देख सकेंगे प्रदर्शनियां

27 नवंबर से 1 दिसंबर के प्रीव्यू में संगीत, फिल्म स्क्रीनिंग, शिल्प प्रदर्शन और सांस्कृतिक संवाद होंगे। 2 से 31 दिसंबर तक आम दर्शकों के लिए प्रदर्शनियों के साथ चुनिंदा चर्चाएं और मास्टरक्लास भी होंगी। उद्घाटन दिवस के कार्यक्रम आमंत्रित अतिथियों और मीडिया के लिए हैं। अन्य कार्यक्रमों में प्रवेश और पंजीकरण की जानकारी बिएनाले की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकती है I