Movie prime

संत रविदास की 650वीं जयंती पर वाराणसी में होगा भव्य दीपोत्सव निकलेगी कलश यात्रा, 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य

वाराणसी में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 27 से 29 जुलाई तक माटी पूजन, कलश यात्रा, समरसता संकल्प सभा और दीपोत्सव का आयोजन होगा। 29 जुलाई को 25 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है।

 
संत शिरोमणि
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 29 जुलाई को आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रमों की तैयारियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में आयोजन की रूपरेखा, विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।

गुरु पूर्णिमा पर देशभर में होगा दीप प्रज्ज्वलन

उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के सभी गुरु रविदास मंदिरों में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके साथ ही सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता बेहतर योजना और समयबद्ध क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। इसलिए सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।

27 जुलाई से शुरू होगा तीन दिवसीय कार्यक्रम

बैठक में 27 जुलाई से शुरू होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार-

27 जुलाई को माटी पूजन होगा।
28 जुलाई को कलश पूजन और भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
29 जुलाई को समरसता संकल्प सभा और दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

राज्यमंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

समरसता और सामाजिक समानता का जाएगा संदेश

राज्यसभा सांसद शिवेश कुमार ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देता है। उनकी 650वीं जयंती वर्ष में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से यही संदेश देश और दुनिया तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय और सहभागिता जरूरी है।

25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य

काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि 29 जुलाई को आयोजित होने वाली समरसता संकल्प सभा में करीब 25 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

उन्होंने कहा कि माटी पूजन, कलश यात्रा और जनसभा जैसे प्रमुख कार्यक्रमों की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर निर्भर करेगी। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर हुई विस्तृत चर्चा

बैठक में 27 जुलाई के माटी पूजन से लेकर 28 जुलाई की कलश यात्रा तथा 29 जुलाई की समरसता संकल्प सभा और दीपोत्सव तक की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कार्यक्रमों के संचालन, भीड़ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, विधायक टी. राम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी, प्रदेश मंत्री अनिल यादव, क्षेत्र मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।