Movie prime

काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता में रिकॉर्ड सहभागिता, 4,894 प्रतिभागियों ने दिखाया ज्ञान का दम

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। विश्व की सांस्कृतिक राजधानी काशी अपने गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, मंदिरों, घाटों, संगीत और उच्च शिक्षा के लिए विश्वभर में जानी जाती है। इसी धरती ने अनेक साहित्यकारों, लेखकों और विद्वानों को जन्म दिया, जिन्होंने काशी को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई। इसी विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2023 से काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन एक अभिनव पहल के रूप में किया जा रहा है।

..

इसी क्रम में वर्ष 2025-26 के लिए ‘काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता 2025’ का आयोजन जनपद वाराणसी में किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता काशी संसदीय क्षेत्र के तीन विकासखंडों और नगरीय क्षेत्र के पांच जोनों में चार श्रेणियों कक्षा 1 से 8, कक्षा 9 से 12, महाविद्यालय/विश्वविद्यालय और आमजन के लिए आयोजित की जा रही है।

प्रतियोगिता का प्रथम चरण 21 जनवरी को विद्यालय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित हुआ। इसके बाद द्वितीय चरण के अंतर्गत 24 जनवरी 2026 को विकासखंड/जोन स्तर तथा महाविद्यालय/विश्वविद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता कराई गई।

विकासखंड/जोन स्तर पर सहभागिता

द्वितीय चरण में विकासखंड आराजीलाइन में कक्षा 1 से 8 के 286, कक्षा 9 से 12 के 40 और आमजन वर्ग में 90 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सेवापुरी विकासखंड में कक्षा 1 से 8 के 163, कक्षा 9 से 12 के 35 और आमजन वर्ग में 78 प्रतिभागी शामिल हुए।


काशी विद्यापीठ क्षेत्र में कक्षा 1 से 8 के 325, कक्षा 9 से 12 के 54 और आमजन वर्ग में 75 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। वहीं नगर क्षेत्र के पांचों जोनों में कक्षा 1 से 8 के 592, कक्षा 9 से 12 के 118 और आमजन वर्ग के 163 प्रतिभागियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

प्रथम चरण में चयनित कुल 2019 विजेताओं ने विकासखंड/जोन स्तर पर आयोजित द्वितीय चरण में भाग लिया, जिसमें से 72 प्रतिभागी विजेता घोषित किए गए।

महाविद्यालय/विश्वविद्यालय स्तर की स्थिति

महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम चरण में कुल 2875 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस श्रेणी का द्वितीय चरण 27 जनवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा।

इस प्रकार 24 जनवरी को आयोजित प्रतियोगिता में विकासखंड/जोन स्तर और महाविद्यालय/विश्वविद्यालय स्तर पर कुल 4894 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

28 जनवरी को होगा जिला स्तरीय फाइनल

जनपद स्तर की फाइनल प्रतियोगिता 28 जनवरी 2026 को संत अतुलानंद कान्वेंट स्कूल, कोइराजपुर, वाराणसी में आयोजित की जाएगी। आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता काशी की ज्ञान-परंपरा को सुदृढ़ करने और विद्यार्थियों के साथ-साथ आमजन में बौद्धिक चेतना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।