दिन में रेकी, रात में टीनशेड उखाड़कर चोरी! मंडुआडीह पुलिस ने आरोपी को दबोचा
वाराणसी। मंडुआडीह पुलिस ने दुकानों में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिन में बाजार में घूमकर दुकानों की रेकी करता था और रात में सुनसान व अंधेरे का फायदा उठाकर टीनशेड उखाड़कर सामान चोरी करता था।
पुलिस ने आरोपी की पहचान आशीष पटेल उर्फ बल्लू के रूप में की है। उसे बीएलडब्ल्यू परिसर स्थित नाथू गेट के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों का गिफ्ट सामान, क्रीम, 10 लोवर, 8 पैकेट बैलून और 5,330 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
मंडुआडीह पुलिस का कहना है कि आरोपी पश्चिमी बाजार की कई दुकानों को निशाना बना चुका था। मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की जांच जारी है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और उनकी संलिप्तता सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
