Movie prime

डेढ़ घंटे में जलजमाव से राहत, 11 प्रमुख मार्गों से हटाए गए गिरे पेड़; नगर निगम का ‘सुपर एक्शन’
 

 
 डेढ़ घंटे में जलजमाव से राहत, 11 प्रमुख मार्गों से हटाए गए गिरे पेड़; नगर निगम का ‘सुपर एक्शन’
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। रातभर हुई मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के बाद शहर में जलजमाव और पेड़ गिरने से पैदा हुई समस्याओं से निपटने के लिए नगर निगम ने युद्धस्तर पर अभियान चलाया। बारिश रुकते ही महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने खुद मोर्चा संभाला और विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। निगम के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे के भीतर अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों से जलजमाव दूर कर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी गई।

भारी बारिश के दौरान शहर के 11 प्रमुख मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ था। नगर निगम की टीमों ने सुंदरपुर, सुसवाही, संसदीय कार्यालय के पास, आदमपुर पुलिस चौकी, आदमपुर वार्ड, लक्ष्मी मंदिर-अशोक विहार कॉलोनी के दो स्थानों और आशापुर से हवेलियां चौराहा के बीच तीन स्थानों पर गिरे पेड़ों को काटकर रास्ता साफ कराया। सड़कों से लकड़ी हटाने का काम भी तेजी से किया गया।

जलजमाव की स्थिति को देखते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ रविंद्रपुरी समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया। उनकी मौजूदगी में जल-निकासी का काम कराया गया। जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह, अधिशासी अभियंता आगम कटियार समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। निगम के अनुसार, बारिश थमने के एक से डेढ़ घंटे के भीतर अधिकांश इलाकों में जमा पानी निकाल दिया गया।

वहीं, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कचहरी, तहसील सदर, गिलट बाजार, नदेसर, अंधरापुल, सिगरा, रथयात्रा, गुरुबाग, भेलूपुर, ब्रॉडवे होटल, रविंद्रपुरी और बीएचयू गेट तक प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर उन्होंने खुद मौजूद रहकर गली-पिट्स और नालियों में जमा कचरे व सिल्ट की सफाई कराई।

निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फोन या अन्य माध्यमों से मिलने वाली जलभराव की शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से समस्या के मूल कारण की पहचान कर मौके पर ही प्रभावी जल-निकासी सुनिश्चित करने को कहा।

नगर निगम के मुताबिक, संवेदनशील स्थानों पर टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। बारिश के बाद त्वरित कार्रवाई से कई प्रमुख मार्गों पर यातायात सामान्य हुआ। स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम की सक्रियता और मौके पर पहुंचकर किए गए राहत कार्यों की सराहना की।