Movie prime

नारी शक्ति को समर्पित गणतंत्र दिवस परेड, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने की ग्रैंड रिहर्सल की समीक्षा

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के तहत रिजर्व पुलिस लाइन, वाराणसी में आयोजित ग्रैंड रिहर्सल परेड का पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने निरीक्षण किया। यह परेड विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण और नारी शक्ति के सम्मान को समर्पित रही।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने परेड अभ्यास, अनुशासन, समन्वय और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों को समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमामयी ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि यह हमारे संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय गौरव का उत्सव है।

..

इस वर्ष रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड का नेतृत्व ACP UT मानसी दहिया द्वारा किया जाएगा। महिला अधिकारी के नेतृत्व में होने वाली यह परेड कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसमें महिलाओं को समान अवसर देकर नेतृत्व की अग्रिम पंक्ति में लाया जा रहा है।

गणतंत्र दिवस परेड में महिला पुलिस की तीन टोलियां, महिला यातायात पुलिस की एक टोली, कमांडो महिला पुलिस की एक टोली और प्रशिक्षु महिला पुलिस की दस टोलियां शामिल होंगी। इसके अलावा घुड़सवार दस्ता, स्कूटी दस्ता, यूपी-112, वायरलेस, डॉग स्क्वाड, फील्ड यूनिट और फायर सर्विस के दस्ते भी परेड का हिस्सा रहेंगे।

इसके साथ ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी पूर्वाभ्यास कराया गया, जिनके माध्यम से देशभक्ति के साथ महिला शक्ति, आत्मनिर्भर भारत और सामाजिक जागरूकता का संदेश जनमानस तक पहुंचाया जाएगा।

26 जनवरी को उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।