Movie prime

IIT BHU के संस्थान दिवस पर बोले CM योगी: तकनीकी विकास में अनुसंधान और नवाचार की अहम भूमिका
 

 
 IIT BHU के संस्थान दिवस पर बोले CM योगी: तकनीकी विकास में अनुसंधान और नवाचार की अहम भूमिका
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। IIT BHU के संस्थान दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए तकनीकी संस्थानों के अनुसंधान, नवाचार और विशेषज्ञता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा, स्मार्ट मोबिलिटी, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, मेडिकल डिवाइस, रक्षा विनिर्माण और हाईटेक तकनीक जैसे क्षेत्रों में आईआईटी बीएचयू का निरंतर योगदान प्रदेश की विकास यात्रा को नई दिशा देगा। मुख्यमंत्री ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और अपना संबोधन दिया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि आईआईटी बीएचयू के शोध पत्र, स्टार्टअप्स, पेटेंट और नवाचार भारत की ज्ञान शक्ति को जनशक्ति में बदलने का काम करेंगे और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

उन्होंने आईआईटी बीएचयू द्वारा प्रस्तावित *एग्रीटेक बिजनेस पार्क* की सराहना करते हुए कहा कि यह पूर्वांचल के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, डिजिटल मार्केटिंग, कृषि स्टार्टअप्स और कृषि आधारित उद्योगों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा। इससे किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आईआईटी बीएचयू आज केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार, उद्योग, कृषि और समाज के संगम का राष्ट्रीय मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि एक ही परिसर में स्टार्टअप्स, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, किसानों और युवा विद्यार्थियों की सहभागिता उत्तर प्रदेश की नई विकास संस्कृति का प्रतीक है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, एग्रीटेक, बायोटेक और डीपटेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 ने उच्च शिक्षण संस्थानों को नवाचार और राष्ट्र निर्माण के केंद्र के रूप में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त किया है।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी, आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा, पूर्व छात्रों, वैज्ञानिकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्टार्टअप उद्यमियों और किसानों को संस्थान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि आईआईटी बीएचयू आने वाले समय में उत्तर प्रदेश और देश के तकनीकी एवं औद्योगिक विकास में अपनी अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।