Movie prime

रिंकू सिंह ने मंगेतर प्रिया सरोज संग काशी विश्वनाथ दरबार में लगाई हाजिरी, किया दर्शन-पूजन

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
वाराणसी: रिंकू सिंह ने मंगलवार को अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया। दोनों ने करीब 30 मिनट तक आम श्रद्धालुओं की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना की और बाबा का आशीर्वाद लिया।

दर्शन के बाद दोनों गंगा द्वार से बाहर निकले और नाव पर सवार होकर मां गंगा के दर्शन किए। इस दौरान घाटों पर मौजूद लोगों में उन्हें देखने की उत्सुकता रही।

बाबतपुर एयरपोर्ट से ससुराल तक हुआ भव्य स्वागत

इससे पहले सोमवार को रिंकू सिंह वाराणसी पहुंचे थे, जहां बाबतपुर एयरपोर्ट पर प्रिया सरोज ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद रिंकू सीधे होटल पहुंचे और फिर करखियाव स्थित अपने होने वाले ससुराल गए।

यहां उनका गर्मजोशी से स्वागत हुआ। परिवार के लोगों ने उन्हें गले लगाया और साथ बैठकर भोजन भी किया। प्रिया सरोज के पिता और विधायक तूफानी सरोज ने बुके देकर उनका अभिनंदन किया।

शादी की तैयारियां तेज

सूत्रों के मुताबिक, रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी जून 2026 के पहले सप्ताह में हो सकती है। शादी का आयोजन वाराणसी के एक बड़े होटल में होने की संभावना है, जिसकी तैयारियां दोनों परिवारों ने शुरू कर दी हैं।

रिंकू सिंह ने होटल की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान प्रिया सरोज भी उनके साथ मौजूद रहीं।

फैंस की लगी भीड़

मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे दोनों गेट नंबर 4 से मंदिर में प्रवेश किए। रिंकू सिंह को देखते ही फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी और लोग सेल्फी लेने के लिए आगे बढ़ने लगे। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभालते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।