नीली बत्ती लगाकर झाड़ रहा था रौब, खुद को बता रहा था NSG कमांडो; फूलपुर पुलिस ने उतारी हेकड़ी
वाराणसी। अपराध और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलपुर पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को पकड़ा है, जो अपनी गाड़ी पर अवैध रूप से नीली बत्ती लगाकर घूम रहा था और खुद को एनएसजी कमांडो बताकर लोगों पर रौब झाड़ रहा था। पुलिस की जांच में उसकी असलियत सामने आने के बाद कानूनी कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में फूलपुर पुलिस क्षेत्र में रात्रि के समय सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। वाहन पर नीली बत्ती लगी होने के कारण पुलिस ने चालक से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान चालक ने स्वयं को एनएसजी कमांडो बताया और प्रभाव जमाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस को उसके दावों पर संदेह हुआ, जिसके बाद गहन जांच की गई। जांच में उसकी पहचान दिनेश कुमार यादव पुत्र राजदेव यादव निवासी देवजी, थाना फूलपुर, वाराणसी के रूप में हुई। वह क्षेत्र का पूर्व प्रधान बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दिनेश कुमार यादव बिना किसी वैध अधिकार के वाहन पर नीली बत्ती लगाकर घूम रहा था और सुरक्षा बल का सदस्य होने का झूठा दावा कर लोगों पर प्रभाव डालने की कोशिश कर रहा था।
फूलपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया और संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तथा गलत पहचान बताकर लोगों को भ्रमित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक चर्चा है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की सतर्कता की सराहना की है।
