BHU में नए साल से शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी, 10 दिसंबर तक लगेगा करीब 30 करोड़ का रोबोट
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस बीएचयू) में नए साल से रोबोट की मदद से ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से सॉफ्ट टिश्यू सर्जिकल रोबोट खरीदा जा रहा है। संस्थान ने 10 दिसंबर तक इसे सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में लगाने का लक्ष्य रखा है। मशीन लगने के बाद डॉक्टरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्थान के मुताबिक, सुविधा शुरू होने पर आईएमएस बीएचयू रोबोटिक सर्जरी की सुविधा वाला पूर्वांचल का पहला केंद्रीय चिकित्सा संस्थान बन जाएगा।
सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में जगह तय
आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने बताया कि मशीन की स्थापना के लिए गठित समिति ने सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में जगह का निरीक्षण कर जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। उन्होंने दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक मशीन लगने की उम्मीद जताई। नई दिल्ली स्थित एम्स और स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ हुए समझौते के तहत आईएमएस बीएचयू में जांच, इलाज और सर्जरी की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रोबोटिक सर्जरी इसी पहल का हिस्सा है।
छह विभागों के डॉक्टर करेंगे रोबोट की मदद से सर्जरी
रोबोटिक सर्जरी टीम की जिम्मेदारी यूरोलॉजी विभाग के डॉ. समीर त्रिवेदी को सौंपी गई है। प्रशिक्षण के बाद यूरोलॉजी, स्त्री रोग, नाक-कान-गला, बाल शल्य चिकित्सा, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और हृदय, वक्ष एवं रक्तवाहिका सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग में इस तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इनमें गुर्दे की बीमारियों और कैंसर से जुड़े जटिल ऑपरेशन भी शामिल हैं।
सर्जन के नियंत्रण में काम करेंगी रोबोट की भुजाएं
आईएमएस में एम्स जैसी सुविधाओं के विस्तार के लिए गठित समिति के नोडल अधिकारी डॉ. विश्वंभर सिंह ने बताया कि सॉफ्ट टिश्यू सर्जिकल रोबोट की मदद से पेट, छाती, मूत्र तंत्र और स्त्री रोग से जुड़े कई ऑपरेशन छोटे चीरों से किए जा सकते हैं। सर्जन एक कंसोल पर बैठकर ऑपरेशन वाले हिस्से को हाई-डेफिनिशन 3डी दृश्य में देखते हैं। वहीं से वे रोबोट की भुजाओं और उन पर लगे बारीक उपकरणों को नियंत्रित करते हैं। यह प्रणाली हाथों के स्वाभाविक कंपन का असर कम करती है, जिससे सर्जन को जटिल हिस्सों में उपकरण अधिक सटीकता से चलाने में मदद मिलती है।
