रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने सीएम योगी से की मुलाकात, रखीं ये मांगें
लखनऊ/वाराणसी। रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, बाढ़ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कई प्रमुख मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
विधायक ने सबसे पहले रोहनिया क्षेत्र में राजकीय महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज की स्थापना की मांग की। उनका कहना था कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और रोजगार की दिशा में उन्हें नई संभावनाएं प्राप्त होंगी।
इसके अलावा डॉ. सुनील पटेल ने रमना, टिकरी, मुड़ाडीह सहित दर्जनों गांवों में हर वर्ष आने वाली बाढ़ की समस्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इन क्षेत्रों में स्थायी तटबंध निर्माण कराने का अनुरोध किया, ताकि किसानों की फसल और स्थानीय लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में मोहनसराय चौराहे पर ग्रेड सेपरेटर बनाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। विधायक ने कहा कि इस चौराहे पर लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव के कारण जाम और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या बनी रहती है। ग्रेड सेपरेटर बनने से यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से रोहनिया क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
