हरिश्चंद्र घाट मार्ग पर बवाल: बनारस घूमने आए युवकों ने की मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी: हरिश्चंद्र घाट मार्ग के मोड़ पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बनारस घूमने आए कुछ पर्यटक युवकों ने एक स्थानीय दुकानदार के साथ मारपीट कर दी। यह घटना उस समय हुई जब पुलिस आयुक्त के प्रस्तावित निरीक्षण को लेकर क्षेत्र में पहले से सतर्कता बरती जा रही थी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, चारपहिया वाहन से पहुंचे युवकों का किसी बात को लेकर दुकानदार से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जब स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, तो आरोपी युवक उनसे भी उलझ पड़े, जिससे हालात कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गए।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मौके से ही वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान झारखंड के रांची निवासी अमन कुमार और हर्ष सिंह तथा बिहार के रोहतास जिले के विक्रमगंज निवासी शिवम कुमार के रूप में हुई है।
इस संबंध में एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही घटना के कारणों की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में अन्य कोई व्यक्ति संलिप्त तो नहीं है।
