रूस के राष्ट्रपति पुतिन का भारत आगमन, वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर हुई विशेष गंगा आरती, दीयों से लिखा गया ‘WELCOME’
वाराणसी के विश्वप्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर गुरुवार की शाम बेहद खास नज़ारा देखने को मिला। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत आगमन के अवसर पर गंगा सेवा निधि की ओर से एक विशेष गंगा आरती आयोजित की गई। राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में घाट को दीयों, फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। सबसे आकर्षक दृश्य वह रहा जब श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों ने मिट्टी के दीयों से घाट पर ‘WELCOME’ लिखकर उनका पारंपरिक भारतीय अंदाज़ में स्वागत किया।
गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने कहा कि भारत और रूस के बीच वर्षों से मजबूत संबंध रहे हैं और वाराणसी की ओर से यह भव्य आरती राष्ट्रपति पुतिन के प्रति सद्भाव और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन दोनों देशों की मित्रता को मजबूत बनाने का एक सांस्कृतिक संदेश भी है।

गंगा आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कई लोगों ने पुतिन की तस्वीरें और पोस्टर लेकर उनकी भारत यात्रा पर खुशी जताई। गंगा आरती की प्रक्रिया शुरू होते ही पूरा वातावरण मंत्रोच्चार, घंटियों और शंखध्वनि से भक्तिमय हो उठा।
