सदर तहसील में लगा सम्पूर्ण समाधान दिवस, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
वाराणसी I सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को सदर तहसील सभागार में "सम्पूर्ण समाधान दिवस" का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन की समस्याओं की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गरीब और पीड़ित लोगों को प्राथमिकता के आधार पर न्याय दिलाया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से भूमि संबंधी मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 185 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
