CM योगी के वाराणसी दौरे से पहले सुरक्षा चाक-चौबंद, जगतपुर में अपर पुलिस आयुक्त ने परखी तैयारियां
वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 अक्टूबर को प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज में होने वाली जनसभा को देखते हुए सोमवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सभा स्थल से लेकर आने-जाने वाले रास्तों, पार्किंग, सुरक्षा घेरा और अन्य अहम स्थानों का जायजा लिया।

मौके पर मौजूद अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेने के बाद अपर पुलिस आयुक्त ने मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा में तैनात वाराणसी कमिश्नरेट के साथ ही दूसरे जिलों से आए पुलिस बल को उनकी जिम्मेदारियां समझाईं। सभी अधिकारियों और जवानों को अपनी ड्यूटी पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के प्रवेश और निकास द्वार पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखने, सामान की मशीनों और हैंड हेल्ड डिटेक्टर से जांच करने के निर्देश दिए हैं। सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी के साथ छतों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। किसी संदिग्ध वस्तु या वाहन की सूचना मिलने पर तत्काल बम निरोधक दस्ते को जानकारी देने को कहा गया है।

वीआईपी रूट को सुरक्षित रखने के साथ यातायात व्यवस्था और पार्किंग को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट लगातार चालू रखने और किसी भी अफवाह, भीड़ या विवाद की स्थिति में तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, डीसीपी गोमती नीतू कात्यान, डीसीपी वरुणा राजेश कुमार पांडेय, डीसीपी यातायात, सुरक्षा एवं खुफिया अनिल कुमार यादव समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
