Movie prime

BHU में और मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था, सूनसान इलाकों से छात्रावासों तक बढ़ेगी CCTV निगरानी
 

 
 BHU में और मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था, सूनसान इलाकों से छात्रावासों तक बढ़ेगी CCTV निगरानी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी है। मुख्य परिसर के बाद कमच्छा स्थित शिक्षा संकाय और सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस) परिसर को भी सीसी कैमरों की निगरानी में लाया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन अब सूनसान व दूरस्थ क्षेत्रों, प्रमुख रास्तों, खेल मैदानों और चौराहों पर भी कैमरे लगाने की योजना बना रहा है।

चीफ प्राक्टर प्रो. संदीप पोखरिया के अनुसार, मुख्य परिसर में पहले से 60 से अधिक सीसी कैमरे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा न्यू पीएचडी गर्ल्स हॉस्टल चौराहा, जेसी बोस और कुंदन देवी छात्रावास के पास नई सुरक्षा पोस्ट बनाई गई हैं। इन पोस्ट पर महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास और नीलगिरि अपार्टमेंट के पास छह से आठ नए कैमरे लगाए जाने हैं। वहीं, कमच्छा स्थित शिक्षा संकाय में भी छह से आठ सीसी कैमरे लगाने का प्रस्ताव है।

1250 सुरक्षा पद, करीब 1100 पर तैनाती

विश्वविद्यालय में सुरक्षा कर्मियों के कुल 1250 पद स्वीकृत हैं, जिनमें करीब 1100 पदों पर वर्तमान में तैनाती है। रिक्त पदों को जल्द भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में सेना के पूर्व जवानों के साथ सिविल सुरक्षा एजेंसियों के महिला और पुरुष बाउंसर भी तैनात किए गए हैं। पूर्व सैन्यकर्मियों की तैनाती की निगरानी का जिम्मा जेसीओ रैंक के सेवानिवृत्त अधिकारियों को दिया गया है।

इसके अलावा हैदराबाद कॉलोनी, सलूजा तिराहा और महिला महाविद्यालय गेट पर अस्थायी सुरक्षा पोस्ट बनाई गई हैं। यहां दो शिफ्टों में महिला गार्डों की तैनाती की जा रही है।

‘नमस्ते बीएचयू’ एप में पैनिक बटन

छात्राओं की सुरक्षा के लिए विश्वविद्यालय के ‘नमस्ते बीएचयू’ एप में पैनिक बटन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। किसी असहज या आपात स्थिति में छात्राएं इस सुविधा के जरिए तत्काल मदद मांग सकती हैं।