Movie prime

काशी विद्यापीठ में नशा मुक्ति पर संगोष्ठी, कुलपति बोले- युवा नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में दें योगदान

 
काशी विद्यापीठ
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग और मद्य निषेध विभाग, वाराणसी क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत एक दिवसीय संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नशे के दुष्परिणामों के प्रति युवाओं को जागरूक करने के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने आईआईटी कानपुर में अपने छात्र जीवन और पंजाब में सेवाकाल के दौरान के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने पंजाब का उदाहरण देते हुए नशे के कारण युवाओं और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों का उल्लेख किया और विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

c

‘नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में करें सहयोग’

मुख्य वक्ता एवं जिला आबकारी अधिकारी कमल कुमार शुक्ला ने युवाओं से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने जेल अधिकारी और आबकारी अधिकारी के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि युवा अपने जीवन निर्माण के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजिका प्रो. अमिता सिंह ने कहा कि नशे की गिरफ्त में आने वाले व्यक्ति के साथ उसका परिवार भी प्रभावित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

भाषण, निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित

संगोष्ठी के बाद कुलपति प्रो. त्यागी ने 3 अक्टूबर को आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। भाषण प्रतियोगिता में शिवानी धनकड़ को प्रथम, शिवांशी पाठक को द्वितीय, रोशन कुमार प्रजापति को तृतीय और दीक्षा सिंह को सांत्वना पुरस्कार मिला।

निबंध प्रतियोगिता में खुशी मिश्र प्रथम, अरिहन्त सिंह द्वितीय, नैन्सी खरवार तृतीय और ममता सांत्वना पुरस्कार की विजेता रहीं। वहीं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में सागर कल्याण को प्रथम, वसीम अली को द्वितीय, अंशिका राजपूत को तृतीय और अक्षय मौर्य को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

c

नुक्कड़ नाटक से दिया नशा मुक्ति का संदेश

पुरस्कार वितरण के बाद मद्य निषेध विभाग, वाराणसी क्षेत्र की नुक्कड़ नाटक टीम ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने नाटक का मंचन किया। कलाकारों ने नशे के दुष्परिणामों को दर्शाते हुए विद्यार्थियों को नशा मुक्ति का संदेश दिया।

c

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय मद्य निषेध अधिकारी गोरखपुर एवं वाराणसी डॉ. अंकुर पाण्डेय और आबकारी निरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्र उपस्थित रहे। संचालन डॉ. कृष्ण मोहन द्विवेदी और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राहुल गुप्ता ने किया। इस दौरान कुलानुशासक डॉ. अम्बरीष राय, प्रो. भारती रस्तोगी, डॉ. सौम्या यादव, डॉ. चन्द्रशेखर, डॉ. संजय कुमार सोनकर, डॉ. जय प्रकाश यादव, डॉ. दिनेश सिंह कुशवाहा सहित शिक्षक, अधिकारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।