Movie prime

सेंसेक्स 494 अंक, निफ्टी 142 अंक लुढ़ककर खुला बाजार; रुपया भी 31 पैसे कमजोर
 

 
 सेंसेक्स 494 अंक, निफ्टी 142 अंक लुढ़ककर खुला बाजार; रुपया भी 31 पैसे कमजोर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली I हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 494.12 अंक टूटकर 78,779.21 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 142.2 अंक फिसलकर 24,434.40 पर आ गया।

इससे पहले मंगलवार को बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 753.03 अंकों की बढ़त के साथ 79,273.33 पर बंद हुआ था, वहीं निफ्टी 50 इंडेक्स 211.75 अंक या 0.87 प्रतिशत चढ़कर 24,576.60 पर पहुंच गया था।

बुधवार को बाजार पर वैश्विक कारकों का दबाव साफ दिखा। पश्चिम एशिया में शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। इसका असर रुपये पर भी पड़ा, जो शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 31 पैसे गिरकर 93.75 पर पहुंच गया और लगातार तीसरे सत्र में कमजोर बना रहा।

वैश्विक तेल बाजार में भी उतार-चढ़ाव जारी है। ब्रेंट क्रूड का भाव 0.28 प्रतिशत गिरकर 98.20 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, लेकिन कीमतें अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। विश्लेषकों के अनुसार, तेल की कीमतों में तेजी की बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि शांति समझौता नहीं होता है और युद्धविराम समाप्त होता है, तो अमेरिका ईरान पर फिर से हमला कर सकता है। उनके इस बयान से वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बढ़ गई है, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है।