Movie prime

काशी विद्यापीठ में ‘सेवा संकल्प अभियान’: पौधरोपण के साथ लिया संरक्षण का संकल्प, कुलपति बोले- पेड़ बचाना भी हमारी जिम्मेदारी

 
काशी विद्यापीठ में ‘सेवा संकल्प अभियान’: पौधरोपण के साथ लिया संरक्षण का संकल्प, कुलपति बोले- पेड़ बचाना भी हमारी जिम्मेदारी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती की पूर्व संध्या पर गुरुवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ के तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की भूमिका आज और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

कुलपति ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटता हरित क्षेत्र पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल को अपनी जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

c

एकात्म मानववाद में प्रकृति के साथ संतुलन पर जोर

प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन मानव, समाज और प्रकृति के बीच संतुलित संबंध की भावना को मजबूत करता है। उनके एकात्म मानववाद के दर्शन में व्यक्ति को समाज और प्रकृति से अलग करके नहीं देखा गया है। ऐसे में उनकी जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम उनके विचारों को व्यवहार में उतारने की दिशा में सार्थक पहल है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ के निदेशक प्रो. कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन और चिंतन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की प्रेरणा देता है।

विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वस्थ पर्यावरण के बिना समावेशी एवं सतत विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।

शोध पीठ की उप निदेशक प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी अथवा संस्थागत कार्यक्रम न मानकर जनभागीदारी का विषय बनाया जाना चाहिए। वहीं, शोध पीठ की उप निदेशक डॉ. उर्जस्विता सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण निवेश है।

c

पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। विश्वविद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य सदस्यों ने पौधरोपण में सहभागिता की और लगाए गए पौधों के संरक्षण तथा नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के लिए ट्री गार्ड एवं विभिन्न प्रकार के पौधों की व्यवस्था वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी के निर्देशन में नगर निगम द्वारा की गई।

इस अवसर पर कुलानुशासक डॉ. अम्बरीष राय, प्रभारी अभियंत्रण प्रो. राकेश कुमार तिवारी, संकायाध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो. राजेश कुमार मिश्रा, प्रो. नंदिनी सिंह, डॉ. अनिल, डॉ. सतीश, डॉ. आनंद सिंह, राजेश राय, डॉ. अश्विनी सिंह सहित विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं सदस्य उपस्थित रहे।

c