Movie prime

वडनगर से वाराणसी पहुंची सेवा संकल्प यात्रा, नदेसर में हुआ स्वागत; कल बाबा विश्वनाथ का करेंगे जलाभिषेक
 

 
 वडनगर से वाराणसी पहुंची सेवा संकल्प यात्रा, नदेसर में हुआ स्वागत; कल बाबा विश्वनाथ का करेंगे जलाभिषेक
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में निकाली गई ‘सेवा संकल्प यात्रा’ मंगलवार को वाराणसी पहुंची। नदेसर स्थित होटल डी पेरिस में यात्रा से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। वडनगर से वाराणसी पहुंचे सेवा यात्रियों ने करीब 20 दिनों तक विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए सेवा कार्यों में हिस्सा लिया।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर से उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने केवल सफर ही नहीं किया, बल्कि विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्य भी किए।

उन्होंने बताया कि वडनगर से आए सेवा यात्री अपने साथ 10 पवित्र नदियों का जल लेकर वाराणसी पहुंचे हैं। बुधवार को सभी यात्री बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे और लाए गए जल से काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

रोहित मिश्रा ने कहा कि यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क बना रहा और लंबी यात्रा के बावजूद उनमें उत्साह बरकरार है। उन्होंने इसे युवा मोर्चा के इतिहास की बड़ी बाइक यात्राओं में से एक बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने हजारों किलोमीटर की यात्रा तय की और सेवा, संघर्ष एवं समर्पण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लगातार 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा के अवसर पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प यात्रा की शुरुआत की गई थी। यह यात्रा वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर के बीच आयोजित की गई।

उन्होंने बताया कि कई यात्री पिछले 20 से 24 दिनों से लगातार यात्रा कर रहे हैं और अलग-अलग पड़ावों पर सेवा कार्य करते हुए करीब दो हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुके हैं। यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प से प्रेरणा लेकर युवाओं में सेवा की भावना को मजबूत करना है।

डॉ. हेमांग जोशी ने बताया कि 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न जिलों में पदयात्राएं होंगी और सेवा संकल्प सभाओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ऑनलाइन माध्यम से देशभर में आयोजित सेवा संकल्प सभा को संबोधित करेंगे।

उन्होंने कहा कि वाराणसी में आयोजित होने वाले सेवा संकल्प यात्रा के समापन कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

स्वागत कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी, भाजयुमो उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा, भाजयुमो के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अमनदीप सिंह, गुजरात युवा मोर्चा की प्रदेश मीडिया संयोजक एवं सेवा संकल्प यात्रा की राष्ट्रीय मीडिया टीम की सदस्य गरिमा मालवंकर, राष्ट्रीय मीडिया टीम के प्रज्वल बुस्टा तथा सेवा संकल्प यात्रा की कम्युनिटी एंगेजमेंट टीम की सदस्य एवं भाजयुमो पंजाब की महामंत्री प्रिया शर्मा मौजूद रहीं। इसके अलावा भाजपा महानगर वाराणसी के मीडिया संयोजक प्रमिल पांडे और सह-संयोजक विकास बागी भी स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए।