वाराणसी में शिक्षामित्रों को मिला बढ़े मानदेय का तोहफा, सम्मान समारोह में बांटे गए चेक
वाराणसी में मंगलवार को परिषदीय विद्यालयों के शिक्षामित्रों के लिए बढ़े हुए मानदेय के चेक वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गिरिजा देवी संकुल, चौकाघाट में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ के मुख्य आतिथ्य में गोरखपुर स्थित गुरु गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा।

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

शिक्षामित्रों की भूमिका पर जोर
मंत्री अनिल राजभर ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षामित्र और शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने मानदेय वृद्धि को शिक्षामित्रों के मनोबल को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
वहीं रविन्द्र जायसवाल ने इसे शिक्षामित्रों के सम्मान और आत्मसम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया और प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना की।

जनप्रतिनिधियों ने भी सराहा फैसला
एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने इसे शिक्षामित्रों के लिए प्रेरणादायक कदम बताया, जबकि विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी भूमिका को बेहद अहम बताया।
डमी चेक देकर किया गया सम्मान
कार्यक्रम के अंत में शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीक स्वरूप डमी चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षामित्रों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की प्रस्तुति भी दी गई। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शिक्षा विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
