काशी में अब हर सुबह गूंजेंगे शिवस्रोत, नगर निगम ने लिए कई ऐतिहासिक फैसले
वाराणसी। सावन के पावन महीने में धर्मनगरी काशी का आध्यात्मिक वातावरण अब और अधिक शिवमय होने जा रहा है। वाराणसी नगर निगम कार्यकारिणी की मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनहित और शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 5 अगस्त से शहर के 55 प्रमुख चौराहों पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 6:30 बजे तक शिवस्रोत का प्रसारण किया जाएगा, जिससे पूरे शहर में सावन माह के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहेगा।
बैठक में उपसभापति नरसिंह दास एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने शहर की बुनियादी समस्याओं, विकास कार्यों की प्रगति और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
15 अगस्त से शुरू होगी OTS योजना, ब्याज और सरचार्ज पूरी तरह माफ
नगर निगम ने गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकायेदारों को बड़ी राहत देते हुए एकमुश्त समाधान योजना (OTS) को मंजूरी दी है। यह योजना 15 अगस्त से 15 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत यदि उपभोक्ता मूल बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान करते हैं तो ब्याज और सरचार्ज पर 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।
इसके अलावा एक लाख रुपये तक के बकायेदारों को किस्तों में भुगतान की सुविधा भी दी जाएगी। योजना के अनुसार कुल बकाया राशि का एक-तिहाई हिस्सा पहले 30 दिनों में जमा करना होगा, जबकि शेष राशि दो आसान मासिक किस्तों में जमा की जा सकेगी। साथ ही सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के संपत्ति कर में संशोधन कर उन्हें छात्रावासों और शैक्षणिक संस्थानों के समान टैक्स स्लैब में शामिल करने का भी निर्णय लिया गया।
सावन मेला और बाढ़ को लेकर नगर निगम अलर्ट
कार्यकारिणी ने सावन मेले और गंगा-वरुणा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नगर प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में तय किया गया कि प्रमुख शिवालयों और मंदिर परिसरों के आसपास प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कांवड़ यात्रियों के लिए सुगम आवागमन, विश्राम स्थलों की व्यवस्था और 24 घंटे निःशुल्क सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही सभी सार्वजनिक शौचालयों पर दर सूची (रेट बोर्ड) लगाना अनिवार्य होगा।
संभावित बाढ़ को देखते हुए राहत शिविरों में शुद्ध पेयजल, भोजन, बेड और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अवैध कब्जों पर कार्रवाई, कर्मचारियों का बढ़ेगा मानदेय
बैठक में पंचक्रोशी मार्ग स्थित धर्मशालाओं से अवैध कब्जे हटाकर उन्हें नगर निगम के नियंत्रण में लेने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा आउटसोर्सिंग पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों, डेटा एनालिस्ट और आईटी विशेषज्ञों के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
शहर में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए वार्डवार नाला सफाई की समीक्षा, वॉटर हार्वेस्टिंग, ट्री-गार्ड की प्रगति रिपोर्ट तथा स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
महान विभूतियों के घर बनेंगे संग्रहालय
बैठक में भारत रत्न और पद्म पुरस्कार से सम्मानित काशी की महान विभूतियों के आवासों को संग्रहालय के रूप में विकसित करने तथा उनके नाम पर मोहल्लों का नामकरण करने की योजना पर भी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपसभापति नरसिंह दास, प्रवीण राय, मदन मोहन तिवारी, अशोक मौर्या, राजकपूर चौधरी, संजय केशरी, संदीप रघुवंशी, गोविंद पटेल, बलराम कन्नौजिया, इंद्रा रानी, सुशीला देवी, माधुरी सिंह सहित अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, सीमा पांडेय, अमित कुमार एवं अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
