किराया नहीं भरा तो दुकान बंद, मलदहिया मार्केट में नगर निगम का एक्शन
वाराणसी: नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बकायेदार दुकानदारों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर नगर निगम ने शहर के 600 दुकानदारों को नोटिस जारी किया है। इसी क्रम में शुक्रवार को मलदहिया मार्केट की दो दुकानों को सील कर दिया गया, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
नगर निगम की ओर से यह कार्रवाई लंबे समय से किराया और टैक्स बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ की गई। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि निगम के स्वामित्व वाली करीब 1800 दुकानों के किराए को लेकर लगातार नोटिस दिए जा रहे थे, लेकिन कई दुकानदारों द्वारा भुगतान नहीं किया गया। ऐसे में अब सख्ती के निर्देश दिए गए हैं।
नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने मलदहिया मार्केट में सीलिंग की कार्रवाई की। इस दौरान दुकान संख्या 48, जो सूर्यकांत देवी के नाम आवंटित है, पर 28,870 रुपये बकाया पाए जाने पर ताला जड़ दिया गया। वहीं दुकान संख्या 24 पर 57,775 रुपये के बकाया के चलते सीलिंग की गई। कुल मिलाकर करीब 86 हजार रुपये की वसूली के लिए यह कार्रवाई की गई।
तीन साल में करीब पांच गुना बढ़ी किराया वसूली
नगर निगम की सख्ती का असर राजस्व आंकड़ों में साफ नजर आ रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में जहां दुकान किराए से 80 लाख रुपये की वसूली हुई थी, वहीं 2024-25 में यह बढ़कर 2.72 करोड़ रुपये पहुंच गई। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 3.80 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है। इस तरह बीते तीन वर्षों में निगम की किराया वसूली करीब 4.75 गुना बढ़ी है।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यदि बकाया राशि समय पर जमा नहीं की गई, तो शहर के अन्य बाजार क्षेत्रों में भी सीलिंग और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
