वाराणसी की श्रेया सिंह का कमाल, पहले ही प्रयास में उत्तराखंड PCS-J में 5वीं रैंक
वाराणसी। बजरडीहा की श्रेया सिंह ने उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा (PCS-J) में अपने पहले ही प्रयास में पांचवां स्थान हासिल किया है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा-2023 का अंतिम परिणाम 6 नवंबर 2026 को जारी किया। इसमें श्रेया समेत आठ अभ्यर्थियों का चयन हुआ।
श्रेया ने अस्सी स्थित इंपीरियल पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पांच वर्षीय बीए एलएलबी और काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से एलएलएम किया। वह वर्तमान में बीएचयू के विधि संकाय में पीएचडी कर रही हैं और वहीं शिक्षण सहायक के रूप में भी काम करती हैं। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा परीक्षा-2022 और राजस्थान न्यायिक सेवा परीक्षा-2023 में अपने पहले प्रयास में साक्षात्कार तक पहुंची थीं।
समय-सारणी बनाकर की तैयारी
श्रेया ने अंग्रेजी माध्यम से परीक्षा की तैयारी की और प्रयागराज में कोचिंग से मार्गदर्शन लिया। उनके मुताबिक, तैयारी में सबसे ज्यादा मदद ऐसी समय-सारणी से मिली जिसका वह नियमित रूप से पालन कर सकें। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को उन्होंने सलाह दी कि जल्दबाजी में तरीके बदलने के बजाय अपनी दिनचर्या के मुताबिक पढ़ाई की योजना बनाएं और लगातार उस पर काम करें।
श्रेया ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग, आध्यात्मिक गुरु कमलेश देसाई पटेल ‘दाजी’ के आशीर्वाद, अपने बड़े पापा सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह की प्रेरणा और पीएचडी शोध निर्देशक डॉ. अनिल मौर्या के मार्गदर्शन को दिया।
