Movie prime

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ने लॉन्च किया 'आस्क नंदी' AI चैटबॉट: भक्तों को मिलेगी सुगम दर्शन और आरती बुकिंग की आसान सुविधा
 

 
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ने लॉन्च किया 'आस्क नंदी' AI चैटबॉट: भक्तों को मिलेगी सुगम दर्शन और आरती बुकिंग की आसान सुविधा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I विश्व प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। मंदिर न्यास ने 'आस्क नंदी' नामक AI-संचालित चैटबॉट गुरुवार को लॉन्च किया। यह डिजिटल सहायक भक्तों को दुनिया के किसी भी कोने से मंदिर से जुड़ी सभी जानकारी और सेवाएं तुरंत उपलब्ध कराएगा।

इस AI चैटबॉट के माध्यम से श्रद्धालु अब सुगम दर्शन, मंगला आरती, अन्य विशेष आरतियों की बुकिंग प्रक्रिया, प्रसाद ऑर्डर, मंदिर के खुलने-बंद होने का समय, विभिन्न अनुष्ठानों की जानकारी और अतिथि गृहों की उपलब्धता व बुकिंग जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। खास बात यह है कि चैटबॉट 24x7 सक्रिय रहेगा और हिंदी, अंग्रेजी सहित अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में संवाद करने में सक्षम है।

मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने कहा, "काशी अब पुरातन परंपराओं के साथ आधुनिक तकनीक का अनोखा संगम बन रही है। 'आस्क नंदी' का मुख्य उद्देश्य भक्तों और मंदिर प्रशासन के बीच की दूरी को कम करना है। त्योहारों और भीड़भाड़ के समय यह चैटबॉट सटीक और समय पर जानकारी देकर श्रद्धालुओं की यात्रा को और अधिक सुगम बनाएगा।"

कैसे करें उपयोग?

श्रद्धालु मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट skvti.org पर जाएं। होमपेज पर मौजूद चैट आइकन (नंदी) पर क्लिक करके किसी भी जिज्ञासा का समाधान तुरंत प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा मंदिर की वेबसाइट और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है।