Movie prime

कोडिन कफ सिरप तस्करी के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल भगोड़ा घोषित, रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी

 
Shubham
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
वाराणसी। चर्चित कोडिन कफ सिरप तस्करी मामले में वाराणसी की अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने इस केस के मुख्य आरोपी और कथित ‘किंगपिन’ शुभम जायसवाल को भगोड़ा घोषित कर दिया है। अदालत के इस आदेश के बाद अब वाराणसी पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है।

कोर्ट का सख्त रुख

अपर सत्र न्यायाधीश ने मामले की सुनवाई के दौरान यह आदेश जारी किया। बताया जा रहा है कि कोतवाली थाने में शुभम जायसवाल और उसके सहयोगियों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहे शुभम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर अब कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया।

दुबई में छिपे होने की आशंका

सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल देश छोड़कर फरार हो चुका है और उसके दुबई में होने की आशंका जताई जा रही है। इसी वजह से अब पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए इंटरनेशनल एजेंसियों की मदद लेने की तैयारी कर रही है।

परिजनों से हो चुकी है पूछताछ

इस मामले में जांच एजेंसियां पहले ही सक्रिय हो चुकी हैं। शुभम के घर और उसके फर्म से जुड़े कई ठिकानों पर पुलिस ने नोटिस चस्पा किए थे। सोनभद्र एसआईटी और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम भी उसके परिजनों से पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा पुलिस ने मुनादी कराकर आरोपी को सरेंडर करने के निर्देश भी दिए थे।

अब रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी

बार-बार नोटिस और मुनादी के बावजूद जब शुभम जायसवाल सामने नहीं आया, तो कोर्ट के आदेश पर उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया। अब वाराणसी पुलिस उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाने की प्रक्रिया में जुट गई है, ताकि विदेश में छिपे आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पहले ही हो चुकी है गिरफ्तारी

गौरतलब है कि इस मामले में पहले ही पुलिस ने शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था।