शुभम जायसवाल का हवाला नेटवर्क ध्वस्त, दिल्ली-राजस्थान तक फैला कफ सिरप रैकेट, 6 गिरफ्तार
वाराणसी में 2000 करोड़ रुपये के कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में पुलिस ने बड़े हवाला नेटवर्क का खुलासा किया। 6 आरोपित गिरफ्तार, 42 लाख नकद बरामद। रोजाना 10 करोड़ रुपये देशभर में ट्रांसफर होते थे। कोडेड नोट से होता था लेन-देन।
वाराणसी: कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी से जुड़े करीब 2000 करोड़ रुपये के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस पूरे रैकेट के सरगना शुभम जायसवाल और उसके करीबी सहयोगी वैभव जायसवाल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने देशभर में फैले हवाला नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से 42 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की तीन मशीनें और 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई वाराणसी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
दिल्ली-राजस्थान से लेकर पूर्वांचल तक फैला था नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया कि यह हवाला नेटवर्क केवल वाराणसी तक सीमित नहीं था, बल्कि दिल्ली, राजस्थान, गाजीपुर, बलिया, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक फैला हुआ था। आरोपी वाराणसी के जैतपुरा इलाके में किराये का मकान लेकर ऑपरेशन चला रहे थे। इस नेटवर्क के जरिए तस्करी से अर्जित काली कमाई को देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाया जाता था।
रोजाना 10 करोड़ रुपये का होता था ट्रांजेक्शन
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप के अनुसार, यह गिरोह प्रतिदिन करीब 10 करोड़ रुपये हवाला के माध्यम से ट्रांसफर करता था। इतनी बड़ी रकम की गिनती के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया जाता था।
मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल इस पैसे को सीधे बैंकिंग सिस्टम में नहीं ला सकता था, इसलिए उसने हवाला नेटवर्क का सहारा लिया और संचालन की जिम्मेदारी वैभव जायसवाल को सौंपी।
कोडेड नोट से चलता था हाईटेक हवाला सिस्टम
पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। लेन-देन के लिए 1, 5, 10 या 50 रुपये के नोट के नंबर को कोड की तरह इस्तेमाल किया जाता था। पैसे देने और लेने वाले के पास नोट के अलग-अलग हिस्से होते थे। जब दोनों हिस्से मिलते थे, तभी रकम सौंपी जाती थी। पुलिस ने ऐसे कई कोडेड नोट भी बरामद किए हैं।
काली कमाई से खरीदी जा रही थी संपत्तियां
जांच में यह भी सामने आया कि शुभम जायसवाल इस अवैध कमाई को सोना, जमीन और अन्य संपत्तियों में निवेश कर रहा था, ताकि इसे वैध बनाया जा सके।
शुभम के खिलाफ एक और केस दर्ज
शुभम जायसवाल के खिलाफ कोतवाली थाने में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। अदालत के निर्देश के बावजूद पेश न होने पर पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। अब पुलिस उसकी संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी में जुट गई है, जिससे इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक रीढ़ तोड़ी जा सके।
