Movie prime

विदेश भागकर भी नहीं बच पाएगा शुभम! दुबई में गिरफ्तारी के लिए भारत ने भेजा अनुरोध

वाराणसी के 2000 करोड़ रुपये के कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। विदेश मंत्रालय ने दुबई में छिपे सरगना शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी के लिए अनुरोध भेजा है। गिरफ्तारी के बाद उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू होगी। पुलिस पहले ही 45 करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
 
शुभम
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। करीब 2000 करोड़ रुपये के चर्चित कफ सिरप तस्करी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। विदेश मंत्रालय ने वाराणसी के कायस्थान मोहल्ला निवासी और इस पूरे नेटवर्क के कथित सरगना शुभम जायसवाल को दुबई में गिरफ्तार कराने की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है। इसके लिए मंत्रालय की ओर से दुबई सरकार को औपचारिक अनुरोध भेजा गया है।

सूत्रों के मुताबिक, सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही दुबई की सुरक्षा एजेंसियां शुभम जायसवाल की तलाश कर उसे गिरफ्तार करेंगी। गिरफ्तारी के बाद भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

वाराणसी पुलिस की कार्रवाई लाई रंग

कमिश्नरेट पुलिस लंबे समय से शुभम जायसवाल को विदेश से वापस लाने की कोशिश में जुटी थी। पुलिस ने उसके खिलाफ दर्ज सभी मामलों से जुड़े आवश्यक दस्तावेज तैयार कर विदेश मंत्रालय को उपलब्ध कराए थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर दुबई में गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) की टीम उसे भारत लाने के लिए दुबई जाएगी।

अक्टूबर में दर्ज हुआ था मामला

शुभम जायसवाल का नाम पिछले वर्ष अक्टूबर में सामने आए कफ सिरप तस्करी मामले में प्रमुख रूप से उभरा था। सबसे पहले सोनभद्र और गाजियाबाद पुलिस ने उसे इस मामले में आरोपी बनाया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होते गए।

जांच एजेंसियों के शिकंजा कसने के बीच शुभम 5 नवंबर को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कोलकाता से दुबई फरार हो गया था।

पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट

शुभम के फरार होने के बाद वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने कोतवाली, रोहनिया और सारनाथ थाने में दर्ज मामलों में अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। साथ ही शुभम के खिलाफ सभी मामलों में चार्जशीट दाखिल की गई ताकि उसके प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया मजबूत की जा सके।

45 करोड़ की संपत्ति भी हो चुकी है जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान शुभम जायसवाल की करीब 45 करोड़ रुपये की संपत्तियों को भी जब्त किया है। इसके अलावा उसे भगोड़ा घोषित करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इन्हीं कानूनी दस्तावेजों और न्यायालयी आदेशों की वजह से विदेश में उसकी गिरफ्तारी का रास्ता आसान हुआ है।

अंतिम चरण में पहुंची गिरफ्तारी प्रक्रिया

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुभम जायसवाल के खिलाफ चल रही कार्रवाई अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। दुबई प्रशासन को सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए हैं और अब वहां की एजेंसियों द्वारा उसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे देश के सबसे चर्चित कफ सिरप तस्करी मामलों में से एक की जांच को नई गति मिलने की उम्मीद है।

पुलिस कमिश्नर ने क्या कहा?

वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि विदेश मंत्रालय की ओर से दुबई सरकार को प्रोविजनल अरेस्ट के लिए अनुरोध भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि दुबई की सुरक्षा एजेंसियां शुभम जायसवाल को गिरफ्तार करेंगी और उसके बाद प्रत्यर्पण की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मानी जा रही

जांच एजेंसियों का मानना है कि शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी इस पूरे तस्करी नेटवर्क की परतें खोलने में अहम साबित हो सकती है। साथ ही यह कार्रवाई उन अपराधियों के लिए भी बड़ा संदेश होगी जो विदेश भागकर कानून से बचने की कोशिश करते हैं।