Movie prime

रोड नहीं तो टोल नहीं का नारा... पेट्रोल की बोतल मिलने से हड़कंप, तीन हिरासत में
 

 
 रोड नहीं तो टोल नहीं का नारा... पेट्रोल की बोतल मिलने से हड़कंप, तीन हिरासत में
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। चोलापुर के ढेरही स्थित टोल प्लाजा को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को प्रस्तावित धरने से पहले ही प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। मंगलवार रात से चोलापुर से लेकर जौनपुर सीमा तक पुलिस और पीएसी की तैनाती कर दी गई थी। धरना स्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर जगह-जगह लोगों को रोका जा रहा था। इसके बावजूद पूर्वांचल किसान संगठन के अध्यक्ष अजीत सिंह अपने दो साथियों के साथ रोडवेज बस से टोल प्लाजा पहुंच गए। इस दौरान पुलिस ने उनके पास से कथित तौर पर पेट्रोल से भरी बोतल और लाइटर बरामद किया। इसके बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस की घेराबंदी के बावजूद टोल प्लाजा पहुंचे किसान नेता

बुधवार दोपहर करीब एक बजे पूर्वांचल किसान संगठन के अध्यक्ष अजीत सिंह अपने दो साथियों के साथ वाराणसी की ओर से रोडवेज बस में सवार होकर ढेरही टोल प्लाजा पहुंचे। तीनों हाथों में तिरंगा लेकर 'रोड नहीं तो टोल नहीं' के नारे लगाते हुए धरना स्थल की ओर बढ़ने लगे।

पुलिस की कड़ी निगरानी के बावजूद किसान नेता के अचानक टोल प्लाजा पहुंचने से वहां तैनात पुलिसकर्मियों में हलचल मच गई। देखते ही देखते उनके समर्थन में आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी, जिससे मौके पर गहमागहमी की स्थिति पैदा हो गई।

पेट्रोल की बोतल और लाइटर मिलने से मचा हड़कंप

पुलिस के अनुसार, अजीत सिंह के पास मौजूद एक बोतल में पेट्रोल था। मौके पर तैनात पुलिस और पीएसी के जवानों ने तत्काल बोतल अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद उनके हाथ से लाइटर भी छीन लिया गया।

घटनास्थल पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए कई थानों की पुलिस और पीएसी ने मोर्चा संभाल लिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अजीत सिंह और उनके दोनों साथियों को हिरासत में ले लिया। तीनों को वज्र वाहन से थाने ले जाया गया।

मंगलवार रात से ही नजरबंदी और जगह-जगह पुलिस तैनात

टोल प्लाजा हटाने की मांग को लेकर प्रस्तावित धरने को देखते हुए प्रशासन मंगलवार रात से ही सक्रिय था। चोलापुर से लेकर जौनपुर जनपद की सीमा तक पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया था।

कई लोगों को मंगलवार रात से ही नजरबंद किए जाने की बात भी सामने आई। वहीं, जौनपुर की ओर से धरने में शामिल होने आ रहे लोगों को जनपद सीमा पर रोक दिया गया। धरना स्थल की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर भी पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी थी।

दोनों जिलों के अधिकारी करते रहे निगरानी

प्रस्तावित धरने को देखते हुए वाराणसी और जौनपुर के प्रशासनिक अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे। दोनों जनपदों के अधिकारियों ने धरना स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

हालांकि, प्रशासन की तमाम तैयारियों के बावजूद किसान नेता अजीत सिंह अपने साथियों के साथ टोल प्लाजा पहुंच गए। उनके अचानक पहुंचने, पेट्रोल की बोतल मिलने के पुलिस के दावे और तीन लोगों को हिरासत में लिए जाने की घटना बुधवार को पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।