Movie prime

सरकारी योजनाओं से आगे समाज की भी जिम्मेदारी, RSS नेता कृष्ण गोपाल बोले- हर वर्ग को आगे बढ़ाना होगा
 

 
....य
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि सरकारी योजनाएं अपनी जगह चलती रहेंगी, लेकिन समाज के पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी पूरे समाज की भी है। सेवा कार्यों को केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं रखा जा सकता।

वह शुक्रवार को सेवा भारती समिति काशी प्रांत की ओर से लोहता स्थित माधव सेवा प्रकल्प में आयोजित ‘सेवा संवाद’ कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

1989 में सेवा कार्यों को मिला संगठित स्वरूप

डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि डॉ. हेडगेवार की जन्म शताब्दी वर्ष 1989 के दौरान देशभर में समाज के पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों के लिए व्यवस्थित सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने पर विचार हुआ था। इसके बाद अलग-अलग प्रांतों में सेवा भारती के माध्यम से इन कार्यों को संगठित रूप दिया गया।

काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश ने सेवा भारती के शुरुआती प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि शुरुआत में सेवा बस्तियों में छोटे-छोटे सेवा प्रकल्प चलाए गए। समय के साथ बड़े और मॉडल सेवा प्रकल्प की जरूरत महसूस हुई, जहां सेवा के अलग-अलग आयामों पर एक साथ काम किया जा सके।

उन्होंने माधव सेवा प्रकल्प के विकास में बीपी अग्रवाल, स्वर्गीय बद्रीनाथ चरसिया, मनोज बरनवाल, सीमा नन्नी और विश्वनाथ वर्मा समेत कई कार्यकर्ताओं के योगदान को भी रेखांकित किया।

एनीमिया और कुपोषण पर जागरूकता

कार्यक्रम में महिलाओं में एनीमिया और बच्चों में कुपोषण की समस्या को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर ‘पोषण सप्ताह’ से संबंधित पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

सेवा भारती समिति काशी प्रांत के अध्यक्ष राहुल सिंह ने सेवा कार्यों से जुड़े कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवा बस्तियों में जाकर किस तरह काम किया जाए और सेवा कार्यों का उद्देश्य क्या होना चाहिए, इस पर कार्यक्रम में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला।