समाधान दिवस : 121 मामले पहुंचे DM के सामने, असफरों को चेताया- समस्याएं के निस्तारण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त...
वाराणसी। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में पिंडरा तहसील में आयोजित कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और मौके पर ही अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।

इस दौरान राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, कृषि, खाद एवं रसद, पंचायतीराज, विद्युत, सिंचाई और पीडब्ल्यूडी समेत विभिन्न विभागों से कुल 121 मामले सामने आए। इनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए तय समय सीमा में समाधान के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने खासतौर पर भूमि विवाद से जुड़े मामलों को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर सत्यापन करे और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करे।
उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई अधिकारी उदासीनता बरतता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई तय है।
डीएम ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का पारदर्शी और न्यायोचित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी जोर दिया कि लोगों की शिकायतों को प्राथमिक स्तर पर ही सुलझाया जाए, ताकि उन्हें बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस मौके पर पिंडरा के एसडीएम, एसीपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और शिकायतों के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई।
