Movie prime

सपा MLC आशुतोष सिन्हा ने दाखिल किया नामांकन, जुलूस में उमड़ा कार्यकर्ताओं और स्नातक मतदाताओं का हुजूम
 

 
सपा MLC आशुतोष सिन्हा ने दाखिल किया नामांकन, जुलूस में उमड़ा कार्यकर्ताओं और स्नातक मतदाताओं का हुजूम
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। स्नातक खंड निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एवं वर्तमान विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले भारत माता मंदिर से आयुक्त कार्यालय, कचहरी तक सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, छात्रों, नौजवानों और स्नातक मतदाताओं की मौजूदगी में नामांकन जुलूस निकाला गया।

जुलूस की शुरुआत से पहले आशुतोष सिन्हा ने भारत माता मंदिर में नमन किया। इसके बाद जुलूस मलदहिया चौराहे पहुंचा, जहां उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां से जुलूस कचहरी की ओर बढ़ा। रास्ते में कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं से उनका स्वागत किया।

नामांकन जुलूस में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं के साथ छात्र, नौजवान और स्नातक मतदाता शामिल हुए। पूरे मार्ग पर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

नामांकन के बाद आशुतोष सिन्हा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वर्ष 2020 में उनके जैसे एक छोटे कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारा था। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के सहयोग से वह चुनाव जीतकर विधान परिषद पहुंचे।

आशुतोष सिन्हा ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सड़क से सदन तक शिक्षकों, छात्रों, नौजवानों और अधिवक्ताओं की आवाज उठाने का प्रयास किया है। उन्होंने शिक्षा मित्रों की समस्याओं, अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट, छात्रसंघ बहाली और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को विधान परिषद में उठाने का दावा किया।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी स्नातक मतदाताओं, छात्रों, नौजवानों, शिक्षकों और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने के साथ उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

नामांकन जुलूस में सांसद वीरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, विधायक लकी यादव, विधायक प्रभू नारायण सिंह यादव, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव 'लक्कड़', पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, प्रदेश सचिव विष्णु शर्मा, सत्यनारायण राजभर और जिला प्रवक्ता संतोष यादव 'बबलू' समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।