सपा ने शिक्षक MLC चुनाव के लिए कसी कमर, प्रदीप मौर्य को सौंपी वाराणसी की कमान
वाराणसी। समाजवादी पार्टी ने वाराणसी-मीरजापुर खण्ड शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने वरिष्ठ नेता एवं मौर्य, कुशवाहा, सैनी शाक्य महासभा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मौर्य को पार्टी प्रत्याशी लाल बिहारी यादव के सहयोग के लिए वाराणसी जिले का प्रभारी नियुक्त किया है।
प्रदीप कुमार मौर्य रामलखन पब्लिक स्कूल (इंटर कॉलेज), टड़िया चकबिही, वाराणसी के प्रबंधक हैं और क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक एवं सामाजिक पकड़ मानी जाती है। पार्टी ने इसी को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, उनके सहयोग के लिए बौद्ध अवधेश अंबेडकर को सह प्रभारी बनाया गया है। इसकी जानकारी समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता संतोष यादव 'बबलू' एडवोकेट ने दी।
पार्टी का मानना है कि प्रदीप मौर्य की सक्रिय भूमिका से वाराणसी-मीरजापुर शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र में संगठन को मजबूती मिलेगी। साथ ही शिक्षकों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और प्रत्याशी लाल बिहारी यादव के पक्ष में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने में भी सहायता मिलेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले 27 जुलाई को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल को वाराणसी-मीरजापुर खण्ड शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के लिए मंडल चुनाव प्रभारी नियुक्त किया था। अब जिला स्तर पर भी प्रभारियों की नियुक्ति कर पार्टी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन नियुक्तियों के जरिए समाजवादी पार्टी शिक्षक एमएलसी चुनाव में अपनी संगठनात्मक ताकत को और मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
