Movie prime

वाराणसी : डेंगू-मलेरिया समेत संचारी रोगों की रोकथाम को जुलाई भर चलेगा दस्तक अभियान, 11 जुलाई से होगा शुरू

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

 

वाराणसी: डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। जनपद में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा, जबकि 11 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित होगा। इसके तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी।

..

अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

स्वच्छता और जनजागरूकता पर रहेगा विशेष फोकस

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों का समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने पंचायती राज और ग्राम्य विकास विभाग को गांवों में साफ-सफाई, एंटी-लार्वा स्प्रे, फॉगिंग, नालियों और तालाबों की सफाई तथा झाड़ियों की कटाई-छंटाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने हाई रिस्क गांवों और शहरी क्षेत्रों की विशेष निगरानी करने पर भी जोर दिया, ताकि मच्छरों के प्रजनन को नियंत्रित किया जा सके और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके।

तालाबों और मंडियों की होगी विशेष सफाई

जिलाधिकारी ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिया कि मेंटल हॉस्पिटल और पुलिस लाइन के पास स्थित तालाबों के अलावा सारंग तालाब, सोना तालाब और कंदवा तालाब की नियमित सफाई और झाड़ियों की कटाई कराई जाए। साथ ही पहड़िया मंडी समेत शहर की प्रमुख सब्जी मंडियों में लगातार सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी संवेदनशील स्थानों पर एंटी-लार्वा छिड़काव और सफाई अभियान को प्राथमिकता देने को कहा गया।

झुग्गी-झोपड़ी और स्लम क्षेत्रों पर विशेष नजर

नगर निगम और नगर स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि झुग्गी-झोपड़ी और स्लम क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। इसके अलावा कीटनाशकों का छिड़काव, फॉगिंग, जलभराव की निकासी और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने का कार्य लगातार किया जाए।

माइकिंग और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया, फाइलेरिया और कालाजार जैसी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी।

घर-घर जाकर लोगों को करेंगी जागरूक

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया और अन्य संचारी रोगों के लक्षण वाले मरीजों की पहचान करेंगी। साथ ही लोगों को यह भी बताया जाएगा कि बीमारी के लक्षण दिखने पर क्या करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए।

 

उन्होंने बताया कि अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अलावा नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, कृषि, सिंचाई और दिव्यांगजन कल्याण विभाग भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। स्वास्थ्य विभाग को इस अभियान का नोडल विभाग बनाया गया है।

 

जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि समन्वित प्रयासों और जनभागीदारी के माध्यम से वाराणसी को संचारी रोगों के खतरे से सुरक्षित बनाया जाए और लोगों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।