Movie prime

वाराणसी के 3220 बूथों पर लगेगा विशेष कैंप, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने से लेकर सुधार तक का मिलेगा मौका

 
UP Voter List 2026
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। अगर आपका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या उसमें किसी तरह की गलती है तो आपके लिए अच्छी खबर है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर वाराणसी में 28 और 29 नवंबर को मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी 3220 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे। लोग अपने नाम की जांच कराने के साथ ही नया नाम जुड़वाने और मतदाता सूची में दर्ज गलतियों को ठीक कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पंकज कुमार ने बताया कि दोनों दिन सभी बूथों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ मौजूद रहेंगे। इस दौरान आलेख्य मतदाता सूची पढ़कर सुनाई जाएगी और मतदाताओं से नाम जोड़ने, हटाने तथा संशोधन से संबंधित दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

18 साल के युवा भी बनवा सकेंगे वोटर कार्ड

इस विशेष अभियान में उन युवाओं को भी मतदाता बनने का मौका मिलेगा, जिनकी उम्र 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूरी हो रही है या हो चुकी है। ऐसे युवा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है, वे भी इस अभियान के दौरान पंजीकरण करा सकेंगे।

नाम जुड़वाने और सुधार के लिए कौन सा फॉर्म भरें?

मतदाता सूची से जुड़ी अलग-अलग समस्याओं के लिए निर्वाचन आयोग ने अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए हैं।

- फॉर्म-6: मतदाता सूची में पहली बार नाम जुड़वाने या नया पंजीकरण कराने के लिए।
- फॉर्म-7: मतदाता सूची में दर्ज किसी नाम या प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए।
- फॉर्म-8: नाम, पता, उम्र, लिंग और जन्मतिथि जैसी जानकारियों में सुधार कराने के लिए।

नया नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करते समय नवीनतम रंगीन फोटो (4.5 × 3.5 सेंटीमीटर) और आयु व पते के प्रमाण से संबंधित दस्तावेज भी जमा करने होंगे।

ऑनलाइन आवेदन की भी मिलेगी सुविधा

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या उसमें संशोधन कराने के लिए लोगों को बूथ पर जाने के अलावा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाकर फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भरा जा सकता है।

बूथों का निरीक्षण करेंगे अधिकारी, अनुपस्थित BLO पर होगी कार्रवाई

अभियान को सफल बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित अन्य पर्यवेक्षकीय अधिकारी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान यदि कोई बीएलओ अपने निर्धारित बूथ से अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही जिन शिक्षण संस्थानों, कार्यालयों और अन्य संस्थानों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं, वे भी 28 और 29 नवंबर को खुले रहेंगे।

प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं। मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें और यदि नाम दर्ज नहीं है या किसी जानकारी में गलती है तो समय रहते आवेदन कर उसे ठीक करा लें।