वाराणसी में छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान, 18 और 25 अक्टूबर को लगेंगे कैंप
वाराणसी। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए पात्र लोगों को एक और मौका देने के लिए वाराणसी में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 18 अक्टूबर और 25 अक्टूबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची और जरूरी फॉर्म के साथ अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 (SIR) के तहत मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम शामिल कराने, अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृतक मतदाताओं की सूची यानी एएसडी का दोबारा सत्यापन करने और एसआईआर के दौरान नोटिस पाने वाले मतदाताओं से जुड़े मामलों पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची को दुरुस्त करने पर चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे लोगों की दोबारा पहचान की जाएगी। इसके लिए एएसडी सूची का फिर से सत्यापन कराया जाएगा। उन्होंने सभी आठों निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को अपने सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कॉलेजों में लगेंगे कैंप, महिला मतदाताओं पर भी रहेगा जोर
जिलाधिकारी ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए कॉलेजों में कैंप लगाने की बात कही। इसके साथ ही जिले में जेंडर रेश्यो को 900 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए अगले डेढ़ महीने तक सास-बहू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान में आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की भी मदद ली जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर महिला और पुरुष मतदाताओं के अनुपात में अंतर अधिक है, वहां विशेष अभियान चलाकर पात्र महिला मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर ध्यान दिया जाएगा।
फॉर्म-6, 7 और 8 से कर सकेंगे आवेदन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुसार 18 अक्टूबर (रविवार) और 25 अक्टूबर (रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इन दोनों दिनों में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, 7 और 8 के साथ उपस्थित रहेंगे।
जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान किसी कारणवश छूट गया है, वे जरूरी दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
मतदाता सूची से संबंधित आवेदन ऑनलाइन भी किया जा सकता है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाकर संबंधित फॉर्म भरा जा सकता है।
* *फॉर्म-6*: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।
* *फॉर्म-7:* मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए।
* *फॉर्म-8:* नाम, पता या अन्य प्रविष्टियों में संशोधन और स्थान परिवर्तन के लिए।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को भी विशेष अभियान दिवसों की जानकारी देने और मतदाताओं की मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं, ताकि कोई भी योग्य मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
बैठक में एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार, सभी ईआरओ और विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
