वाराणसी के क्वींस कॉलेज में शुरू हुई अत्याधुनिक AI और रोबोटिक्स लैब, छात्रों को मिलेगी तकनीकी शिक्षा
वाराणसी स्थित पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में शनिवार शाम अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं रोबोटिक्स लैब का उद्घाटन किया गया। आयोजकों के अनुसार यह उत्तर प्रदेश के किसी भी राजकीय विद्यालय में बिना किसी सरकारी आर्थिक सहायता के स्थापित की गई पहली AI एवं रोबोटिक्स लैब है।
इस प्रयोगशाला का निर्माण कॉलेज के तत्कालीन प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव और क्वींस कॉलेज पुरातन छात्रसभा के मार्गदर्शन में किया गया। इस पहल को आईआईआईटी वड़ोदरा के निदेशक प्रो. धर्मेंद्र सिंह तथा पीएचएन टेक्नोलॉजी का सहयोग मिला। लैब करीब छह माह पहले तैयार हो चुकी थी, जबकि इसका औपचारिक उद्घाटन 11 जुलाई को संपन्न हुआ।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि प्रो. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि अपने ही विद्यालय के विकास में योगदान देना उनके लिए गर्व और भावनात्मक संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोबोटिक्स जैसी उन्नत तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा, जिससे वे भविष्य में नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकेंगे।
पीएचएन टेक्नोलॉजी के प्रतिनिधि प्रदीप एच. नारायणकर ने बताया कि लैब को अत्याधुनिक उपकरणों और आधुनिक तकनीकी संसाधनों से सुसज्जित किया गया है। उनका दावा है कि इसकी सुविधाएं देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों की प्रयोगशालाओं के स्तर की हैं। उन्होंने कहा कि यहां प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
क्वींस कॉलेज पुरातन छात्रसभा के अध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार मिश्रा ने इसे विद्यालय के इतिहास का ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह लैब छात्रों के तकनीकी भविष्य को नई दिशा देगी। उन्होंने बताया कि लैब के सुचारु संचालन के लिए प्रशिक्षित इंस्ट्रक्टर की भी नियुक्ति की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके।
कार्यक्रम में बीएचयू के प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव सहित अनेक शिक्षाविद, पूर्व छात्र और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
