Movie prime

गोलगड्डा में बनेगा अत्याधुनिक “काशी डिपो”, PPP मॉडल पर 49 बस अड्डों के विकास की योजना
 

 
 गोलगड्डा में बनेगा अत्याधुनिक “काशी डिपो”, PPP मॉडल पर 49 बस अड्डों के विकास की योजना
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: उत्तर प्रदेश में परिवहन सुविधाओं को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। वाराणसी के गोलगड्डा क्षेत्र में “काशी डिपो” के विकास की योजना तैयार की गई है, जिसे पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के जरिए यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

राज्य सरकार ने प्रदेश के कुल 49 बस अड्डों को PPP मॉडल पर विकसित करने की योजना बनाई है, जिसमें वाराणसी का गोलगड्डा स्थित काशी डिपो भी शामिल है। इस योजना के तहत बस अड्डों को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा, जहां यात्रियों के लिए लॉज, आरामदायक वेटिंग रूम, शॉपिंग एरिया, रेस्टोरेंट और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) द्वारा इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। पहले चरण में राज्य के प्रमुख बस अड्डों का चयन किया गया है, जिनमें वाराणसी का गोलगड्डा प्रमुख रूप से शामिल है।

उन्होंने आगे बताया कि इस परियोजना के तहत बलिया के रसड़ा और बेल्थरा रोड, जौनपुर के मछलीशहर और बदलापुर, मिर्जापुर के चुनार, सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज और चंदौली के बस अड्डों को भी आधुनिक बनाया जाएगा। इन सभी स्थानों पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बस टर्मिनल विकसित किए जाएंगे।

इस पहल से जहां यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।