Movie prime

अवैध डेयरी पर कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम टीम पर पथराव, आधा दर्जन नामजद समेत कई पर मुकदमा
 

 
 अवैध डेयरी पर कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम टीम पर पथराव, आधा दर्जन नामजद समेत कई पर मुकदमा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। महमूरगंज क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डेयरी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम की टीम पर हमला और पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पशु कल्याण अधिकारी की तहरीर पर सिगरा थाने में आधा दर्जन नामजद आरोपियों समेत चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज अपनी टीम के साथ महमूरगंज स्थित अन्नपूर्णा नगर में अवैध डेयरी के खिलाफ जांच और कार्रवाई करने पहुंचे थे। टीम में फार्मासिस्ट अमरनाथ द्विवेदी, राजस्व निरीक्षक सिद्धार्थ दुबे सहित अन्य कर्मचारी भी शामिल थे।

नगर निगम की टीम के मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए नगर निगम कर्मियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और टीम के सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की की गई।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक जब टीम ने कार्रवाई जारी रखने का प्रयास किया तो कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और नगर निगम कर्मियों को अपनी सुरक्षा के लिए पीछे हटना पड़ा।

घटना के बाद नगर निगम अधिकारियों ने सिगरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पशु कल्याण अधिकारी ने पुलिस को बताया कि संबंधित स्थल पर अवैध डेयरी संचालन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। वर्ष 2023 में भी इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी। वहीं, वर्ष 2022 में संबंधित पक्ष की ओर से नगर निगम को स्थल खाली कराने के लिए सहमति पत्र दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इसके बावजूद अवैध डेयरी का संचालन जारी रहा और कार्रवाई का विरोध किया जाता रहा।

सिगरा थाना पुलिस के अनुसार मामले की जांच उपनिरीक्षक पंकज कुमार पांडेय को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और नगर निगम टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।