वर्दी में रील और सोशल मीडिया पोस्ट पर सख्ती: पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई, निगरानी तेज
वाराणसी I Varanasi कमिश्नरेट में वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील और फोटो पोस्ट करने वाले पुलिसकर्मियों पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। ड्यूटी के दौरान और वर्दी में सोशल मीडिया एक्टिविटी पर रोक लगाते हुए विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर निलंबन और विभागीय कार्रवाई तय होगी।
कमिश्नरेट प्रशासन की ओर से ऐसे पुलिसकर्मियों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने हाल के दिनों में वर्दी में रील्स और फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा किए हैं। महिला आरक्षी, दरोगा और इंस्पेक्टर रैंक तक के कर्मियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, काशी और वरुणा जोन में तैनात कुछ महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी में बनाई गई रील्स भी वायरल हुई हैं। वहीं 2019 और 2023 बैच के कुछ दरोगाओं की ‘सिंघम स्टाइल’ रील्स भी चर्चा में रही हैं, जिनमें अधिकतर वीडियो गंगा घाटों पर शूट किए गए बताए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया सेल की टीम द्वारा फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर आपत्तिजनक, विवादित और नियमों के खिलाफ पोस्ट की निगरानी तेज कर दी गई है। संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कर अंतिम रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
यूपी मुख्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार, कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में या ड्यूटी के दौरान फोटो, वीडियो या रील सोशल मीडिया पर साझा नहीं कर सकेगा। साथ ही थानों या चौकियों में आकर वर्दी पहनकर वीडियो बनाने और हथियारों के साथ फोटो लेने पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
इस संबंध में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था, मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने कहा, “सोशल मीडिया पर वर्दी में रील्स बनाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान की जा रही है। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी को निर्देशित किया जा चुका है कि ड्यूटी या वर्दी के दौरान कोई भी फोटो या रील पोस्ट न करें।”
