वाराणसी में यातायात नियमों पर सख्ती: लंका पुलिस ने 68 चालान, 23 वाहन किए सीज
वाराणसी I Varanasi के लंका थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 68 दोपहिया वाहनों का चालान किया, जबकि गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 23 वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर बैरिकेडिंग कर सघन जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, गलत दिशा में ड्राइविंग करने, आवश्यक दस्तावेज साथ न रखने और फर्जी या संशोधित नंबर प्लेट लगाने वाले वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी गई।
पुलिस कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालक जांच से बचने के लिए रास्ता बदलते नजर आए, लेकिन पुलिस ने रणनीतिक घेराबंदी कर सभी संदिग्ध वाहनों की जांच की और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित की।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया गया है। अभियान के दौरान कुल 2 लाख 62 हजार रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे हेलमेट का उपयोग करें, वैध दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी कदम बताया है।
