BHU में छात्र संग मारपीट का आरोप: हैदराबाद गेट पर सुरक्षाकर्मियों ने पीटा, VC से शिकायत
वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में एक छात्र ने सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। छात्र की शिकायत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। वहीं, जांच प्रक्रिया के तहत पीड़ित छात्र को भी प्राक्टोरियल बोर्ड कार्यालय में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।
जानकारी के अनुसार, छात्र नीर ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी को ईमेल भेजकर शिकायत की है। छात्र का आरोप है कि 12 जून की रात करीब 11:30 बजे वह हैदराबाद गेट के रास्ते अस्पताल जा रहा था, तभी ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोककर पहचान पत्र दिखाने को कहा।
छात्र का कहना है कि वह जल्दबाजी में अपना आईडी कार्ड घर पर भूल गया था और मोबाइल में मौजूद डिजिटल आईडी दिखाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि कई अन्य लोगों को बिना जांच के अंदर जाने दिया जा रहा था। जब उसने इस पर सवाल उठाया तो सुरक्षाकर्मियों के साथ उसकी कहासुनी हो गई।
मोबाइल छीनने और मारपीट का आरोप
छात्र नीर के मुताबिक, वह पूरी घटना का वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था, तभी सुरक्षाकर्मियों ने उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। आरोप है कि तीन सुरक्षाकर्मियों ने उसे जबरन एक बरामदे में ले जाकर उसके साथ धक्का-मुक्की की।
छात्र ने दावा किया कि दो सुरक्षाकर्मियों ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि एक ने उसका गला दबाया और उसे जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसका मोबाइल छीनकर वीडियो रिकॉर्डिंग बंद कर दी गई। छात्र का आरोप है कि करीब 15 मिनट तक उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसके शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं।
कुलपति से शिकायत, जांच शुरू
घटना के बाद छात्र ने विश्वविद्यालय प्रशासन को लिखित शिकायत भेजी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच समिति का गठन कर दिया है। समिति पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को लेकर छात्रों के बीच भी चर्चा का माहौल है और सभी की नजर जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई है।
