Movie prime

काशी विद्यापीठ में छात्रों का फूटा गुस्सा! ABVP का प्रदर्शन, प्रशासन पर एग्जाम रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप

 
काशी विद्यापीठ में छात्रों का फूटा गुस्सा! ABVP का प्रदर्शन, प्रशासन पर एग्जाम रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एक बार फिर छात्र आंदोलन को लेकर चर्चा में है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने छात्र समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एबीवीपी के वाराणसी विभाग संयोजक आकाश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि कई बार ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं लगातार समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज अनसुनी की जा रही है।

मानसिक तनाव का मुद्दा भी उठा

एबीवीपी महानगर मंत्री शिवम तिवारी ने बताया कि पिछले एक वर्ष से विभिन्न मुद्दों—कक्षाओं के नियमित संचालन, निष्पक्ष परीक्षा परिणाम, क्रीड़ा परिषद की स्थापना और नई शिक्षा नीति (NEP) के अनुसार लाइब्रेरी में किताबों की उपलब्धता—को लेकर ज्ञापन दिए जा रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अंतिम वर्ष के छात्रों ने समय से परीक्षा और परिणाम न आने के कारण मानसिक तनाव की बात कही। उनका कहना है कि इससे पीजी में प्रवेश और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित हो रही है।

हॉस्टल व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हॉस्टलों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सुरक्षा और अनुशासन की स्थिति बेहद खराब है। अवैध गतिविधियों, नशे के कारोबार और हथियारों के बढ़ते चलन से छात्र भय के माहौल में जी रहे हैं।

छात्रों ने बताया कि हॉस्टलों में मेस व्यवस्था खराब है, जिसके चलते उन्हें खुद खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसके अलावा पाठ्यक्रम की किताबों की कमी और अन्य सुविधाओं का अभाव भी बड़ी समस्या बना हुआ है।

परीक्षा और परिणाम में गड़बड़ी का आरोप

छात्रों ने परीक्षा और परिणाम को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। आरोप है कि कई छात्रों को परीक्षा देने के बावजूद ‘अनुपस्थित’ दिखा दिया जाता है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। वहीं, समय पर परिणाम घोषित न होने से आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में दिक्कतें आ रही हैं।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

आकाश प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि अधिकांश छात्र गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों से आते हैं, जिनके भविष्य के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा। हालांकि, इस मामले में अभी तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।