काशी विद्यापीठ में छात्रों को मिला करियर बनाने का मंत्र, रोजगार दक्षता कार्यक्रम में सीखे प्रोफेशनल स्किल्स
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज कार्य विभाग में सोमवार को रोजगार दक्षता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय सेवायोजन सूचना एवं मंत्रणा केंद्र, समाज कार्य विभाग और नांदी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों, करियर निर्माण और व्यावसायिक कौशल विकसित करने के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ रोजगार के लिए आवश्यक व्यावहारिक दक्षताओं से परिचित कराना था।
करियर में सफलता के लिए नई दक्षताएं सीखना जरूरी
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रो. शेफाली ठकराल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में करियर निर्माण के लिए केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है। विभिन्न प्रकार के कौशल सीखना व्यक्तिगत विकास और व्यावसायिक सफलता का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।
उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ नई दक्षताएं विकसित करने और बदलती रोजगार संबंधी आवश्यकताओं के अनुसार स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों को ईमेल और संचार कौशल की दी जानकारी
कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक समीर खोखर ने विद्यार्थियों को संचार कौशल और ईमेल के प्रभावी उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन के साथ व्यावसायिक संचार से जुड़े कौशल विकसित करना भी आवश्यक है। इस दौरान प्रशिक्षक ने विद्यार्थियों का पूर्व विकसित ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण कराया। इसके बाद उनका ऑनलाइन प्रारंभिक मूल्यांकन भी किया गया।
मूल्यांकन प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने अपनी शिक्षा, रोजगार संबंधी अपेक्षाओं और अनुमानित वेतन से जुड़ी जानकारी पोर्टल पर साझा की।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत समाज कार्य विभाग की प्रभारी विभागाध्यक्ष प्रो. भावना वर्मा ने किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भारती कुरील ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रभंजन कुमार ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजिका प्रो. निमिषा गुप्ता, प्रो. संजय, प्रो. अनिल कुमार चौधरी, प्रो. चंद्रशेखर सिंह, मदन लाल, शिवांश कुमार श्रीवास्तव और रंजित कुमार पूर्वे सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

