Movie prime

अस्सी घाट पर 24 घंटे गूंजेंगे शास्त्रीय संगीत के स्वर, सुबह-ए-बनारस के 12वें स्थापना दिवस पर 'अष्ट पहर'

वाराणसी के अस्सी घाट पर सुबह-ए-बनारस के 12वें स्थापना दिवस पर 24 घंटे का अष्ट पहर संगीत आयोजन होगा। 23 नवंबर सुबह छह बजे से 24 नवंबर सुबह तक पंडित साजन मिश्रा, अनूप जलोटा समेत देशभर के शताधिक कलाकार आठ पहरों के निर्धारित रागों की प्रस्तुतियां देंगे।

 
अस्सी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। अस्सी घाट पर सूर्योदय से पहले शुरू होने वाला सांस्कृतिक आयोजन ‘सुबह-ए-बनारस’ अपने 12वें स्थापना दिवस पर 24 घंटे के संगीत उत्सव ‘अष्ट पहर’ के साथ खास उपलब्धि दर्ज करने जा रहा है। 23 नवंबर की सुबह छह बजे से 24 नवंबर की सुबह तक आयोजित इस समारोह में देशभर के शताधिक कलाकार आठ पहर के निर्धारित रागों के जरिए संगीतांजलि देंगे। पंडित साजन मिश्रा, पंडित अनूप जलोटा, डॉ. राजेश्वर आचार्य, पंडित ऋत्विक सान्याल और सोमा घोष समेत कई प्रतिष्ठित कलाकार आयोजन का हिस्सा होंगे।

12 साल से अस्सी घाट पर जारी है सुबह-ए-बनारस

काशिकेय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से अध्यात्म, संगीत और योग को एक साथ जोड़ने वाले सुबह-ए-बनारस की शुरुआत 24 नवंबर 2014 को अस्सी घाट पर हुई थी। प्रशासन के संरक्षण और जनसहयोग से शुरू हुआ यह आयोजन कोरोना महामारी और बाढ़ जैसी परिस्थितियों के व्यवधान को छोड़कर निरंतर जारी है।

सुबह-ए-बनारस के अध्यक्ष डॉ. राजेश्वर आचार्य के मुताबिक, इस आयोजन में सूर्योदय से पहले वैदिक मंत्रों के जरिए पंचतत्वों का आह्वान, सप्तारती, यज्ञ, संगीत और योग की परंपरा निभाई जाती है। यह उपक्रम पिछले 12 वर्षों से काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को सहेजने का प्रयास कर रहा है।

सुबह-ए-बनारस के उपाध्यक्ष पं. प्रमोद कुमार मिश्र ने बताया कि द्वादश वार्षिकी की पूर्णता तक भारत समेत 21 देशों के 10 हजार से अधिक कलाकार बिना किसी स्वर को दोहराए अपनी संगीतांजलि समर्पित कर चुके हैं।

12वें स्थापना दिवस पर 24 घंटे का 'अष्ट पहर' आयोजन

सुबह-ए-बनारस के सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा के अनुसार, 12वें स्थापना दिवस पर 23 नवंबर को सुबह छह बजे से 24 नवंबर की सुबह छह बजे तक 'अष्ट पहर' का आयोजन किया जा रहा है। इसमें दिन और रात के आठ पहरों के अनुरूप निर्धारित रागों की प्रस्तुतियां होंगी।

आयोजन में विभिन्न घरानों, गुरु-शिष्य परंपराओं, पद्म अलंकृत कलाकारों और सांगीतिक शैक्षणिक योग्यता वाले सिद्धहस्त कलाकार हिस्सा लेंगे। पं. साजन मिश्रा, पं. अनूप जलोटा, डॉ. राजेश्वर आचार्य, पं. ऋत्विक सान्याल, सोमा घोष और मंगला कपूर समेत कोलकाता, गोवा, उज्जैन, ग्वालियर, मुंबई, दिल्ली और वाराणसी के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से आयोजन को विशेष बनाएंगे।

आठ पहर में कौन-कौन से राग गूंजेंगे?

  • प्रथम पहर (सुबह 6 से 9 बजे): इस दौरान राग भैरव, रामकली, जोगिया, अहीरभैरव, नटभैरव, आनंदभैरव, शिवमतभैरव और बिलासखानी तोड़ी की प्रस्तुतियां होंगी।
  • द्वितीय पहर (सुबह 9 से दोपहर 12 बजे): अल्हैया बिलावल, मियां की तोड़ी, गुर्जरी तोड़ी, देवगिरि बिलावल, जौनपुरी और आसावरी रागों का गायन-वादन होगा।
  • तृतीय पहर (दोपहर 12 से 3 बजे): इस पहर राग देसी, वृंदावनी सारंग, मधमाद सारंग, शुद्ध सारंग और गौड़ सारंग की प्रस्तुतियां होंगी।
  • चतुर्थ पहर (दोपहर 3 से शाम 6 बजे): राग मुल्तानी, मधुवंती, भीमपलासी, पटदीप और मारवा को कलाकार प्रस्तुत करेंगे।
  • पंचम पहर (शाम 6 से रात 9 बजे): राग पुरिया, श्री, पूर्वी, पुरिया धनाश्री, गौरी और भूपाली की स्वर साधना होगी।
  • षष्ठ पहर (रात 9 से 12 बजे): इस दौरान राग यमन, पुरिया कल्याण, शुद्ध कल्याण, केदार, हमीर, छायानट, बिहाग और मरू बिहाग की प्रस्तुतियां होंगी।
  • सप्तम पहर (रात 12 से सुबह 3 बजे): राग बागेश्री, रागेश्री, दरबारी, जैजैवंती और मालकौंस की संगीत प्रस्तुतियां होंगी।
  • अष्टम पहर (सुबह 3 से 6 बजे): अंतिम पहर में राग हिंडोल, सोहनी, शहाना, ललित और भैरवी के साथ 24 घंटे का संगीत आयोजन पूर्ण होगा।