टी-20 विश्वकप फाइनल में भारत की जीत के लिए गाजीपुर में विशेष पूजा, सूर्यकुमार यादव के गांव में जश्न की तैयारी
गाजीपुर। टी-20 विश्वकप क्रिकेट के फाइनल में भारतीय टीम की जीत के लिए देशभर में क्रिकेट प्रेमी अपने-अपने तरीके से पूजा-पाठ और दुआएं कर रहे हैं। गाजीपुर जिले में भी भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के गांव और जिले के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। परिवार के सदस्य और ग्रामीण सूर्यकुमार यादव को आईसीसी टी-20 विश्वकप की ट्रॉफी उठाते देखने के लिए उत्सुक हैं और इसके लिए विशेष प्रार्थनाएं कर रहे हैं।
रविवार सुबह सूर्यकुमार यादव के चाचा राजकपूर ने कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव धाम में भारतीय टीम की जीत के लिए विशेष पूजा और आरती कराई। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह पूजा भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों की सफलता और विश्वकप जीत की कामना के साथ की गई है।
इससे पहले सूर्यकुमार यादव की मां सपना देवी भी विश्वकप जीत के लिए काशी के प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना कर चुकी हैं। उन्होंने काशी विश्वनाथ सहित कई देवालयों में भारतीय टीम की जीत की प्रार्थना की। वहीं चाचा लोरिक यादव ने कहा कि सूर्यकुमार यादव यदि अपनी कप्तानी में भारत को विश्वकप जिताते हैं तो यह पूरे परिवार और जिले के लिए गर्व का क्षण होगा। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे विश्वविजेता खिलाड़ियों की तरह इतिहास में नाम दर्ज कराना बड़ी उपलब्धि होगी।
सूर्यकुमार यादव के पैतृक गांव हथौड़ा में भी फाइनल मुकाबला देखने के लिए खास तैयारियां की गई हैं। गांव में बड़ी टीवी स्क्रीन लगाकर सामूहिक रूप से मैच देखने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पटाखे और मिठाइयों का भी इंतजाम किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि भारतीय टीम फाइनल जीतती है तो गांव में अबीर-गुलाल उड़ाकर और आतिशबाजी के साथ होली और दिवाली जैसा जश्न मनाया जाएगा। गांव के युवा और बुजुर्ग सभी इस ऐतिहासिक पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
गांव के लोगों का मानना है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम निश्चित रूप से विश्वकप जीतकर देश का नाम रोशन करेगी। परिवार और ग्रामीणों द्वारा की जा रही पूजा-अर्चना और जश्न की तैयारियां यह दर्शाती हैं कि क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ उत्सव है।
