वाराणसी स्टेशन पर 16 लाख के साथ संदिग्ध गिरफ्तार, कटे-फटे नोट बदलने का चौंकाने वाला दावा!
Varanasi : कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान जीआरपी और आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त चेकिंग अभियान में एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से करीब 16 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
प्लेटफॉर्म 8-9 पर पकड़ा गया संदिग्ध
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को स्टेशन पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 8 और 9 के बीच एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा मिला। तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग से भारी नकदी बरामद हुई।

आरोपी की पहचान और दावा
पूछताछ में व्यक्ति की पहचान रवि गुलाटी, निवासी तिलहर (शाहजहांपुर) के रूप में हुई है। उसने बताया कि वह कॉस्मेटिक की दुकान चलाता है और यह रकम पुराने व कटे-फटे नोट बदलने के लिए लेकर आया था। हालांकि वह इस रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
आयकर विभाग को सौंपी गई जांच
रेलवे पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पहले बनारस आने से इनकार किया था, लेकिन लोकेशन ट्रैकिंग में वह पहले भी कई बार शहर आ चुका पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी बेगमपुरा ट्रेन से शाहजहांपुर लौटने की तैयारी में था, तभी उसे पकड़ा गया।

पैसे की जांच जारी
फिलहाल पुलिस और आयकर विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह नकदी किसकी है और इसे कहां पहुंचाया जाना था। जांच के बाद ही मामले की असल सच्चाई सामने आएगी कि यह टैक्स चोरी का मामला है या किसी अन्य अवैध गतिविधि से जुड़ा हुआ है।
