बरेका में गांधी जयंती पर स्वच्छता का संकल्प, रैली और पौधारोपण के साथ दिया हरित भारत का संदेश
वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बरेका प्रशासन भवन के स्वागत हॉल में स्वच्छता शपथ के साथ हुई। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अधिकारियों, कर्मचारियों, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा संगठन, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, कब-बुलबुल, छात्र-छात्राओं और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। प्रतिभागियों ने अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के साथ अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इसके बाद महाप्रबंधक आशुतोष पंत समेत वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। प्रशासन भवन परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और श्रम की गरिमा से जुड़े विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारी विश्राम गृह परिसर स्थित अमृत कानन उद्यान में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधारोपण किया गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधे लगाए और उनके संरक्षण व नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
अधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। कार्यक्रम के जरिए हरित आवरण बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व स्वस्थ पर्यावरण तैयार करने का संदेश दिया गया।
गोल्फ कोर्स से प्रशासन भवन तक निकली जागरूकता रैली
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत बरेका में स्वच्छता जागरूकता रैली भी निकाली गई। प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेकशील ने गोल्फ कोर्स से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली गोल्फ कोर्स से शुरू होकर सूर्य सरोवर, बैंक ऑफ बड़ौदा और बरेका चिकित्सालय होते हुए प्रशासनिक भवन पहुंची। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा संगठन, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, कब-बुलबुल और छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
प्रतिभागियों ने स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान स्वच्छता से जुड़े नारे भी लगाए गए।
कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक सागर सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।
